मेरठ में टीपीनगर की किशोरी से सोहराब बस डिपो के पास होटल ग्रांट डीलक्स के कमरा नंबर 206 में दरोगा संजीव कुमार ने रेप किया था। बुधवार को महिला इंस्पेक्टर ने पीड़िता को साथ लेकर होटल ढूंढा। किशोरी का दावा है कि इसी होटल में दरोगा ने उसको रात भर रखा। उसने वारदात से संबंधित कई जानकारियां पुलिस को दी। हालांकि होटल मैनेजर ने ऐसी किसी वारदात होने से इंकार किया है।
टीपी नगर क्षेत्र की एक किशोरी 22 जनवरी को घर से लापता हो गई थी। 24 जनवरी को दूसरे समुदाय के तीन युवक छात्रा को ब्रह्मपुरी थाने छोड़ आए थे। आरोप है कि ब्रह्मपुरी थाने का दरोगा संजीव कुमार किशोरी को रात में होटल में ले गया, जहां उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। इस मामले में दरोगा समेत चार लोग जेल में हैं। किशोरी से किस होटल में दरोगा ने रेप किया, इसकी जांच पड़ताल महिला इंस्पेक्टर कंचन चौधरी कर रही हैं।
होटल में कमरा नं. 206 में हुआ था दुष्कर्म
यूपी पुलिस
बुधवार को इंस्पेक्टर कंचन चौधरी ने पीड़िता और उसकी मां को बुलाया। पीड़िता द्वारा बताए मार्ग पर पुलिस पहले छतरी वाले पीर पर पहुंची। उसके बाद कैंट इलाके और फिर हापुड़ अड्डे से होते सोहराब बस डिपो पर पहुंची। सोहराब डिपो के पास एक होटल में किशोरी पुलिस को लेकर पहुंची। किशोरी ने बताया कि इस होटल में दरोगा उसको शहर में घूमाने के बाद लेकर आया था। किशोरी ने दूसरी मंजिल पर जाकर होटल में कमरा नं. 206 बताया, जिसमें उसके साथ दुष्कर्म हुआ।
वेटर खाने का सामान लेकर आया था
किशोरी ने महिला इंस्पेक्टर से बताया कि दरोगा संजीव कुमार ने उसको कमरा नंबर 206 में छोड़ा और कुछ देर बाद बाहर घूमकर आया। इस दौरान एक वेटर खाने पीने का सामान लेकर आया था। रात भर दरोगा ने उसे होटल में रखा और दुष्कर्म किया। सुबह दरोगा उसको लेकर परतापुर पहुंचा, जहां उसको छोड़ा। इंस्पेक्टर ने किशोरी के बयान दर्ज किए।
अब कहां सुबूत मिलेंगे मैडम
यूपी पुलिस
होटल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। महिला इंस्पेक्टर ने होटल मैनेजर से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मांगी तो वह बोले कि मैडम अब कहां सुबूत मिलेंगे। पौने दो महीने की फुटेज नहीं मिलेगी। रजिस्टर में उनकी कोई भी एंट्री नहीं है। होटल मैनेजर ने कहा कि उनके होटल में ऐसी कोई लड़की दरोगा लेकर नहीं आया। ऐसी वारदात होने का होटल में मतलब ही नहीं।
दरोगा को बचा रही पुलिस
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि किशोरी ने तमाम सुबूत दिए हैं। पुलिस और होटल मैनेजर जानबूझकर दरोगा को बचाना चाहते है। किशोरी ने पुलिस को एक-एक रास्ते की जानकारी दी और होटल पहुंचकर कमरा नंबर तक बताया। अपने साथ हुए गलत काम की जानकारी दी। इसके प्रमाण वह पुलिस को बता चुकी है। महिला थाना की इंस्पेक्टर कंचन चौधरी ने बताया कि पीड़िता को लेकर पुलिस सोहराब डिपो के पास एक होटल में गई थी। पीड़िता ने कमरा नंबर 206 में दरोगा द्वारा रेप होने की बात कही है। होटल मैनेजर ने ऐसी वारदात से इंकार किया है। मामले की जांच हो रही है।