लालकुर्ती थाना क्षेत्र के एक हॉस्पिटल की दूसरी मंजिल से देर रात एक मरीज संदिग्ध परिस्तिथि में नीचे कूद गया। सिर में चोट लगने से मरीज गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे पहले सुशीला जसवंत राय बाद में आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार लालकुर्ती स्थित जैन मेडिकल एंड आई सेंटर में पिछले कई दिन से रुड़की रोड निवासी अनिल भर्ती था। देर रात करीब 1:30 बजे अनिल संदिग्ध परिस्थिति में अस्पताल की दूसरी मंजिल पर बने कमरे से नीचे कूद गया। उसके गिरने की आवाज से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इससे पहले कि लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंचती, अस्पताल की एंबुलेंस अनिल को लहूलुहान स्थिति में उठाकर सुशीला जसवंत राय अस्पताल ले आई। सिर में चोट लगने के कारण अनिल बड़बड़ा रहा था। उसे सुध नही थी। हालत गंभीर देखते हुए अस्पताल ने अनिल को गढ़ रोड स्थित आनंद हॉस्पिटल रेफर कर दिया।
फिलहाल पुलिस अनिल के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार जिस हॉस्पिटल में अनिल को भर्ती कराया गया था, उस हॉस्पिटल में अनिल का पता भी पुलिस को नहीं मिला है।अस्पताल के रजिस्टर में पते के स्थान पर केवल रुड़की रोड लिखा गया है।