गाडी की टक्कर से घायल घोडी। (मवाना)
रविवार रात मिल रोड पर हुई घटना, वाहन चालक पर कार्रवाई न होने पर गुस्साए ग्रामीण
-दोनो पक्षों में सुलह होने पर शांत हुआ मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। रविवार की मिल रोड पर एक गाड़ी ने घोड़ा-बुग्गी में टक्कर मार दी। जिससे घोड़ा और बग्गी चालक घायल हो गए। बग्गी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने सोमवार को दो बार मिल रोड पर जाम लगाया। बाद में दोनों पक्षों के मध्य समझौता होने पर मामला शांत हो गया।
जंधेडी निवासी हरबीर सिंह ने शादी विवाह के लिए बग्गी बना रखी है। हरबीर ने गांव अलीपुर मौरना निवासी रामपाल की घोड़ी किराए पर ले रखी है। रविवार की रात 11.30 बजे रामपाल मंडप से शादी समारोह करने के बाद वापस लौट रहा था। जैसे ही यह मिल रोड पर ढिकौली की ओर मुड़े तो परीक्षितगढ की ओर से आ रही बोलेरो मैक्स गाडी ने बग्गी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बग्गी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और घोडी का पैर टूट गया। बग्गी चला रहे रामपाल को भी चोट आई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गाडी चालक को पकड लिया। सोमवार की सुबह बग्गी मालिक ने लोगों के साथ आरोपी गाड़ी चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए मिल रोड पर जाम लगा दिया। 15 मिनट बाद खुद ही जाम खोल दिया। अपराह्न के बाद फिर से जाम लगाया। कुछ देर बाद फिर से जाम खोल दिया। बाद में क्षतिपूर्ति देने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।
गाडी की टक्कर से घायल घोडी। (मवाना)
गाडी की टक्कर से घायल घोडी। (मवाना)