रक्षा लेखा विभाग ने मनाया 280 वां स्थापना दिवस, हिंदी माह का समापन
- हिंदी माह में 10 प्रतियोगिताओं का हुआ था आयोजन
- खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विजेताओं को किया पुरस्कृत
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। रक्षा लेखा विभाग का 280 वां स्थापना दिवस और हिंदी माह का समापन समारोह मंगलवार को रक्षा लेखा नियंत्रक स्थित कार्यालय में मनाया गया। कार्यक्रम में नियंत्रक विनोद कुमार स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने रक्षा सेवाओं के लिए उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के लिए सभी को प्रोत्साहित किया। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से सेवाओं में दक्षता और तत्परता बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यालय में एक से 30 सितंबर तक हिंदी माह का आयोजन किया गया। इस दौरान नाटक मंचन, कविता पाठ, अंताक्षरी, वाद-विवाद, हिंदी टंकण, निबंध, हिंदी अनुवाद, प्रश्नोत्तरी और भाषण सहित कुल 10 प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इनमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 25 सितंबर से विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। समारोह में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ लेखा अधिकारी श्री विनय कुमार ने तथा मंच संचालन वरिष्ठ लेखा अधिकारी श्री सचिन अरोड़ा ने किया।