मेरठ। तीन महीने से बिजली का बिल अदा नहीं करने वाले बकायेदार उपभोक्ताओं के घर अब बिजली अधिकारी व कर्मचारी दस्तक देंगे। शुक्रवार को नए साल के पहले ही दिन पीवीवीएनएल एमडी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने घंटाघर स्थित उपकेंद्र से हरी झंडी दिखाकर घर दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद टीमें अपने-अपने क्षेत्र के लिए निकल गई।
बंगारी ने लाइनमैनों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे दी गई सूची के कनेक्शन न काटे। पहले बकायेदारों से तगादा करें और जो भी दिक्कत हो उसे नोट करें। उन्होंने मीना बाजार स्थित बकायेदार दुकानदारों से बात की और बिजली बिल जमा करने की अपील की। उन्होंने दुकानदारों से बिजली आपूर्ति, बिल आदि से संबंधित जानकारी भी ली। दुकानदारों ने बिजली आपूर्ति को सही बताया और जल्द बकाया बिल जमा करने का आश्वासन दिया।
बंगारी ने बताया कि तीन महीने के बकायेदारों के कनेक्शन न काटकर पहले उनके घर जाकर बिल जमा करने की अपील की जाएगी। इसके बाद भी बिल जमा नहीं करने पर ही उनका कनेक्शन काटा जाएगा। ये अभियान सभी 14 जिलों में एक साथ शुरू हो गया है। इस मौके पर मुख्य अभियंता मेरठ जोन एसबी यादव, अधीक्षण अभियंता शहर एके सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज अग्रवाल और एसडीओ योगेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
311722 बकायेदार उपभोक्ता
पीवीवीएनएल के अंतर्गत आने वाले 14 जिलों में तीन महीने से बिल जमा नहीं करने वाले बकायेदार उपभोक्ताओं की संख्या 311722 है। इन पर 192.36 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें मेरठ जोन के 52187 उपभोक्ताओं पर 28.07 करोड़ रुपये बकाया है। सबसे ज्यादा बकाया मुरादाबाद और गाजियाबाद जोन में है। सभी श्रेणियों के बकायेदार उपभोक्ताओं पर कंपनी के करीब 1500 करोड़ रुपये बकाया है।
शिकायत मिली तो कार्रवाई होगी
कार्यक्रम में एमडी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी लाइनमैन तगादा करने और तीन महीना पूरा होने से पहले किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन न काटे। अगर कहीं से भी शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।