संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा का सोमवार को समापन हो गया। पहली पाली में 15064 और दूसरी पाली में 15116 परीक्षाथियों ने परीक्षा दी। दोनों पालियों में 20064 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए आना था। एसटीएफ की निगरानी में परीक्षा संपन्न हुई। डीएम डा. वीके सिंह और एसएसपी अविनाश पांडेय ने भी निरीक्षण किया।
सोमवार को सभी 43 केंद्रों पर सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों का कहना था की पेपर ज्यादा मुश्किल नहीं था, लेकिन कुछ सवालों में परीक्षार्थी उलझ गए। होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसटीएफ की टीम भी अलर्ट रही। टीम सभी केंद्रों पर नकल माफियाओं की निगरानी में लगी रही। परीक्षा के नोडल अधिकारी और एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव का कहना है कि सभी केंद्रों पर पुलिस बल अभ्यर्थियों के पहुंचने से पहले ही लगा दिया था। उत्तरपुस्तिका को परीक्षा केंद्रों से शिफ्ट करने के बाद ही पुलिस बल को हटाया गया। तीन दिन तक चली परीक्षा सोमवार को समाप्त हो गई।