मेरठ। सनातन धर्म इंटर कॉलेज सदर के कक्षा-12 के छात्र एवं हॉकी खिलाड़ी अमन शर्मा का चयन खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित 15 दिवसीय केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। यह शिविर 15 से 29 अप्रैल तक खेल भवन लखनऊ में किया जाएगा। इसमें अमन मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने बताया कि 16 वर्षीय अमन शर्मा पिछले चार वर्षों से स्कूल के ग्राउंड पर नियमित अभ्यास कर रहे हैं और अपनी मेहनत व लगन के दम पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि अमन ने इससे पहले भी स्कूल स्तर से लेकर राज्य व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।
फॉरवर्ड पोजीशन पर खेलने वाले अमन शर्मा भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह को अपना आदर्श मानते हैं और उन्हीं की तरह देश के लिए खेलने का सपना संजोए हुए हैं।अमन की उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधक राजेंद्र कुमार सिंघल ने उन्हें और प्रशिक्षक को बधाई दी। प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग ने अमन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी इसी तरह विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।