बागपत। बड़ौत में व्यापारी सोहनलाल और उनके बेटे विकास की हत्या की घटना को अंजाम देने वाला लुहारी गांव का हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी गांव में प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए गांव में संपर्क भी बढ़ा रहा था। वह सोशल मीडिया पर प्रधानी का चुनाव लड़ने से जुड़ी पोस्ट भी अपलोड करता रहता था।
दोहरे हत्याकांड में शामिल रहा हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहता था। पुलिस ने वरुण की कुंडली खंगाली तो पता चला कि जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी में लग गया था। इसके लिए हरिद्वार में रहने के दौरान भी गांव में आकर युवाओं से संपर्क बढ़ा रहा था। साथ ही फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी आईडी बनाकर पोस्ट कर लोगों की राय भी लेता रहता था। वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर रालोद, सपा के स्थानीय नेताओं को लेकर भी पोस्ट डालता रहता था। प्रधानी का चुनाव लड़ने के लिए वह गांव में भंडारे तक कर चुका था। चुनाव से पहले ही उसकी मौत हो गई।