संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मोहल्ला काबली गेट तेलियों वाला कुआं निवासी सलमान को जान से मारने की नीयत से गोली मारने के मामले में नामजद आरोपी हिस्ट्रीशीटर राजा उर्फ कैफ उर्फ तीसमार खां को पुलिस ने तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि मंगलवार शाम मोहल्ला काबली गेट निवासी शायान ने थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, उसका बड़ा भाई सलमान रास्ते से गुजर रहा था। तभी पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी राजा उर्फ कैफ उर्फ तीसमार खां निवासी तेलियों वाला कुआं (काबलीगेट) ने सलमान पर जान से मारने की नीयत से गोली मार दी।
आरोप है कि पीड़ित जब भाई को उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहा था, तो आरोपी के साथियों अनस व वाजिद ने उन पर पथराव भी किया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और की सूचना पर देर रात थाने के पास से आरोपी राजा उर्फ कैफ उर्फ तीसमार खां को गिरफ्तार किया। आरोपी मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से भी रंगदारी, मारपीट और जानलेवा हमले के कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हस्तिनापुर नहर पुल के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया। बुधवार को पुलिसि ने कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उधर, सलमान की हालत में सुधार है। अन्य आरोपियों को पुलिस तलाश रही है।