मवाना में सरेशाम गोली मारने की वारदात से दहशत फैली
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नगर के मोहल्ला काबली गेट, तेलियों वाला कुआं पर मंगलवार शाम पांच बजे के सलमान को मोहल्ले के ही हिस्ट्रीशीटर राजा उर्फ तीसमार खां ने सरेआम गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली युवक के दाएं कंधे में पीछे की तरफ लगी है। आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
घायल सलमान के पिता तेलियों वाला कुआं निवासी इकरामुद्दीन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनका पुत्र सलमान शाम के समय घर से निकलकर मोहल्ले में ही रहने वाले अपने चाचा उस्मान से मिलने जा रहा था। सलमान जैसे ही उस्मान के घर पहुंचा और उससे मिला, तभी पीछे से आए मोहल्ले के ही राजा उर्फ तीसमार खां ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे सलमान के दाएं कंधे के पिछले हिस्से में जा लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इकरामुद्दीन का कहना है कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है। सलमान बाहर रहकर कपड़े की फेरी का काम करता है। ईद पर मवाना आया था।
बताया जा रहा है कि आरोपी राजा उर्फ तीसमार खां का अपने ही घर पर किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना से पहले आरोपी ने मोहल्ले के बच्चों को भी पिस्तौल दिखाकर भयभीत करने का प्रयास किया था और खुलेआम धमकी दी थी कि उसके मामले में कोई भी बीच-बचाव करने न आए। इसी बौखलाहट में उसने सलमान को गोली मार दी। सरेआम हुई इस घटना से मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घायल के भाई सायान ने मवाना थाने में दी है।आरोपी के परिवार के कुछ सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
दो टीम लगाई
मवाना। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी राजा उर्फ तीसमार खां ने सलमान को गोली मारकर घायल किया है। परिजनों ने तहरीर दी है। जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।दो टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी हुई है कि आरोपी थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
छत से कूद कर भागा
मवाना। पुलिस जब आरोपी राजा को गिरफ्तार करने के लिए आरोपी के घर पहुंची तो आरोपी छत से कूदकर पड़ोसियों की छत से होता हुआ भाग गया। आरोपी ने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए हैं। जिनसे पुलिस की जानकारी होते ही भाग गया। सीओपंकज लवानिया ने दरोगा से सीसीटीवी कैमरे उतारने के आदेश दिए हैं। पुलिस ने डीवीआर कब्जे में ले ली है। पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगालने में लगी है।
-