प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों की रही भागीदारी
बिजौली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद के सभी सांसद, विधायक और अन्य महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन के साथ-साथ भाजपा संगठन भी पूरी ताकत से जुटा है।
मेरठ के सभी मंडलों से कार्यकर्ता बसों और कारों के जरिए बिजौली पहुंचे जबकि खरखौदा मंडल के कार्यकर्ता निजी वाहनों से कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। स्थानीय निवासियों में गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर जबरदस्त जोश दिखाई दिया। लोगों का मानना है कि यह एक्सप्रेसवे मेरठ और पश्चिमी यूपी के लिए विकास के नए द्वार खोलेगा। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। किसानों और व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें: Ganga Expressway: फूड चेन से ढाबे, होटल और मोटेल तक, रेस्ट एरिया, ट्रॉमा सेंटर; एक्सप्रेस-वे पर ये खूबियां भी
अर्थव्यवस्था और रोजगार का बनेगा हब
मेरठ से प्रयागराज तक फैला यह एक्सप्रेसवे केवल सड़क नहीं बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए ग्रोथ इंजन साबित होगा। एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे औद्योगिक क्लस्टर से किसानों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
विदेशों से कच्चा माल आने और तैयार माल के निर्यात में यह एक्सप्रेसवे मील का पत्थर साबित होगा। उद्योगों की स्थापना से यूपी के युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे जिसका सीधा सकारात्मक असर राज्य की जीडीपी पर पड़ेगा।
आज से फर्राटा भरेंगे वाहन, मध्यरात्रि से शुरू हो सकती है टोल वसूली
594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पर बुधवार से ही वाहनों का संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे मेरठ और प्रयागराज के बीच की दूरी सिमट जाएगी। अब तक 12 घंटे का समय लेने वाला यह सफर अब महज छह से सात घंटे में पूरा किया जा सकेगा। एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली की प्रक्रिया भी बुधवार मध्यरात्रि से प्रभावी होने की संभावना है।
एक्सप्रेसवे पर मेरठ से प्रयागराज के बीच कुल 14 टोल प्लाजा बनाए गए हैं। इनमें मेरठ के बिजौली (खड़खड़ी) और प्रयागराज में दो मुख्य टोल प्लाजा होंगे जबकि 12 अन्य टोल प्लाजा विभिन्न प्रवेश और निकास बिंदुओं पर स्थित हैं।
आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट टोल कंपनी ने मंगलवार रात आधिकारिक दरों को सार्वजनिक कर दिया जिसके आधार पर कार, जीव व हल्के वाहनों के लिए टोल दरें 2.55 रुपये प्रति किमी, कामर्शियल वाहनों की 4.05 रुपये और ट्रकों पर 8.20 रुपये प्रति किमी होगी।