थाने में धरना दे रहे हिंदू संगठनों व व्यापारियों से वार्ता करते सीओ मवाना। (मवाना)
मवाना। व्यापारी के साथ मारपीट मामले में पुलिस द्वारा शांति भंग की धाराओं में की गई कार्रवाई के विरोध में भाजपा व हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने में धरना दिया। धरने के दौरान हनुमान चालीसा का भी पाठ किया गया। सीओ के जांच कराकर कार्रवाई के आश्वासन पर देर रात धरना समाप्त हुआ।
शुक्रवार को सुभाष बाजार चौराहे के पास दोने पत्तलों की दुकान करने वाले जितेंद्र कुमार ने थाने में तहरीर दी थी। जिसमें मोहल्ला हीरालाल निवासी दूसरे समुदाय के पिता व पुत्र आए दिन जान बूझकर दुकान के आगे ठेली लगाकर रास्ते को अवरुद्ध करने व शुक्रवार को सुबह 9 बजे आरोपी से ठेली हटाने को कहने पर गाली गलौच करते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ 151 में कार्रवाई की। जिसका पता चलते ही व्यापारियों व हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त हो गया। शाम के समय व्यापारी व हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक पटेल द्वारा कई बार वार्ता करने के बाद देर रात एसपी देहात से धरनारत लोगों ने बात की। सीओ के कार्रवाई के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया। इस दौरान भाजपा नेता निपुण चौहान, आलोक चौहान, विहिप जिलाध्यक्ष सुभाष गाब्बा, विहिप नेता अमर रस्तोगी, भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन कौशिक, बजरंग दल के अमित बाल्ले आदि मौजूद रहे। संवाद