हस्तिनापुर। किशोरपुर गांव में हिंदू नववर्ष पर ग्रामीणों ने श्री शिव दुर्गा हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की। भद्रकाली मंदिर पर पैदल पहुंचकर परिक्रमा की। सनातन धर्म के त्योहारों के बारे में जानकारी दी गई।
हिंदू नव वर्ष पर ग्राम पंचायत किशोरपुर से सभी ग्रामीण पैदल चलकर माता भद्रकाली सिद्धपीठ मंदिर पहुंचे और माता भद्रकाली की पूजा अर्चना की। पूजन के बाद माता भद्रकाली के पावन चरणों से अखंड जोत लेकर मां भद्रकाली से किशोरपुर श्री शिव दुर्गा हनुमान मंदिर में लाकर स्थापित की। ग्रामीणों ने भद्रकाली मंदिर तक संपर्क मार्ग पर साफ सफाई अभियान भी चलाया। राष्ट्रीय पंचायतीराज मेरठ मंडल के ग्राम प्रधान संगठन उपाध्यक्ष ऋषिपाल मलिक ने कहा कि हमारे हिंदू नव वर्ष की शुरुआत आज के दिन होती है। हमें अपनी युवा पीढ़ी को हिंदू नव वर्ष की जानकारी देकर उन्हें जागरूक करना होगा। मंदिर के पुजारी हरीश ने मंदिर में अखंड जोत स्थापित की। ग्राम पंचायत निधि से निर्मित आरो प्योरीफायर वाटर प्वाइंट का ग्राम प्रधान रितु चौधरी ने शुभारंभ किया। इस दाैरान नरेन्द्र, विवेक, अमित चौधरी, नमन मलिक, वरुण मलिक, प्राची मलिक, शिक्षा, मुकेश, राज सिंह आदि माैजूद रहे। संवाद