खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
भामाशाह पार्क में बुधवार से शुरू हुए सीके नायडू अंडर-23 ट्रॉफी मैच में हिमाचल प्रदेश ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए पहली पारी में 9 विकेट पर 297 रन बना लिए। हिमाचल के पुछल्ले बल्लेबाजों ने संघर्ष करते हुए टीम को सस्ते में आउट होने से बचा लिया। यूपी के गेंदबाज अंतिम समय में विकेट न ले सके।
हिमाचल प्रदेश के कप्तान आकाश वशिष्ठ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हिमाचल प्रदेश को पहला झटका यूपी के शुभम मावी ने 1 रन पर दिया। ओपनर बल्लेबाज आरआई ठाकुर बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। इसके बाद खेलने आए पीएस खंडूरी भी शून्य पर आउट हो गए। खंडूरी को तेज गेंदबाज दीपक कुमार ने शिकार बनाया। ईसी सेन भी दीपक की गेंद पर आउट हुए। सेन ने तीन रन बनाए। 11 रन पर तीन विकेट गिरने पर हिमाचल की टीम बैकफुट पर आ गई। लेकिन ओपनर बल्लेबाज नकुल शर्मा ओर एआर कलसी ने संभलकर खेलना जारी रखा और टीम का स्कोर 97 रन तक पहुंचा दिया। एआर कलसी 51 और नकुल शर्मा 47 रन बनाकर आउट हुए। लंच तक टीम के 161 रन पर सात विकेट गिर चुके थे। पुछल्ले बल्लेबाजों ने संभाला। राहुल ने आउट होने से पहले 65 रन बनाए। पहले दिन का खेल खत्म होने तक डीजी कुमार 37 व सिद्धार्थ शर्मा 6 रन बनाकर खेल रहे थे। यूपी की तरफ से मेरठी तेज गेंदबाज दीपक कुमार ने तीन व लखनऊ के फिरकी गेंदबाज जीशान अंसारी ने चार विकेट चटकाए। शुभम मावी व शानू सैनी को एक-एक विकेट मिला। इस मौके पर एमडीसीए के कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, कोच संजय रस्तोगी, पिच क्यूरेटर रवींद्र चौहान मौजूद रहे।