दुल्हैड़ा चुंगी के सामने हथियार बंद बदमाशों ने व्यापारी का अपहरण कर उसकी कार लूट ली। बाद में व्यापारी को कार से फेंककर फरार हो गए। सूचना पर तीन थानों की पुलिस ने बदमाशों की तलाश में चेकिंग की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने पल्लवपुरम थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ट्रांसपोर्ट नगर निवासी दीपक गर्ग पुत्र रामेश्वर दयाल गर्ग लोहे का व्यापार करते हैं। बुधवार सुबह वह अपनी कार एसएक्स फोर (यूआर 14 क्यू 7368) से मुजफ्फरनगर जा रहे था। सुबह साढ़े सात बजे हाईवे पर दुल्हैड़ा चुंगी के सामने एक बाइक पर सवार चार हथियार बंद बदमाशों ने ओवर टेक कर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने व्यापारी से कहा कि तूने पीछे एक्सीडेंट कर दिया है। इसके बाद बदमाशों ने व्यापारी के गन प्वाइंट पर ले लिया और गाड़ी में बैठकर व्यापारी का अपहरण कर भाग निकले। इस बीच बदमाशों ने व्यापारी के मोबाइल की बैट्री निकाल दी और मोदीपुरम-पाबली मार्ग पर व्यापारी को चलती कार से फेंककर फरार हो गए। सूचना पर कंकरखेड़ा, दौराला, पल्लवपुरम पुलिस बदमाशों की तलाश में लग गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
22 से 26 साल थी बदमाशों की उम्र
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि बदमाशों की उम्र 22 से 26 साल के बीच थी। सभी ने जींस और शर्ट पहन रखी थी। जबकि एक बदमाश ने हेेलमेट लगा रखा था। व्यापारी ने बताया कि बदमाशों ने उसे धमकी दी कि अगर रिपोर्ट दर्ज कराई तो उसे मार देंगे।
टोल प्लाजा से नहीं भागे बदमाश
हाईवे पर जहां बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया, वहां से टोल प्लाजा की दूरी दो किमी की है। बदमाशों को पहले से ही पता था कि अगर टोल प्लाजा से निकले तो पकड़े जाएंगे। बदमाशों ने गाड़ी को उसी कट से मेरठ की ओर मोड़ दिया और व्यापारी को फेंककर जंगल की ओर फरार हो गए।