दिल्ली-मेरठ हाइवे पर शनिवार को करीब पांच किमी लंबा जाम लगने से यात्रियों और वाहन चालकों की फजीहत झेलनी पड़ी। आबादी एरिया में वाहनों को 10 मिनट की दूरी तय करने में करीब एक घंटे का समय लगा।
शनिवार को वाहनों के अधिक दबाव के चलते दिल्ली-मेरठ हाइवे पर भीषण जाम लग गया। गाजियाबाद की ओर असालतनगर और मोदीनगर की ओर गंगनहर पुल तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह से लेकर रात तक जाम में फंसे वाहन हाइवे पर रेंगते रहे। भीषण जाम होने के बावजूद हाईवे पर कोई पुलिसकर्मी जाम खुलवाता नहीं नजर आया। एंबुलेंस समेत कई वीआईपी गाड़ियां जाम में फंसी नजर आईं। एसएचओ रनवीर सिंह यादव का कहना है कि वाहनों की अधिकता के कारण हाईवे पर जाम लगा। वहीं मोदीनगर को जाम मुक्त बनाने के लिए हाइवे पर स्थायी डिवाइडर बनाने का काम शुरू हो गया है।