खरखौदा(मेरठ)। हापुड़ रोड पर शुक्रवार रात कस्बा स्थित धर्म कांटे के सामने खराब ट्रक से बाइक टकरा गई। जिसमें बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई तथा दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक पक्ष ने कार्रवाई से इनकार कर दिया तथा शव को अपने साथ ले गए। वहीं, शनिवार शाम को खरखौदा-मोहिउद्दीनपुर रोड पर गांव धनतला के सामने कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
दिल्ली बुराड़ी के सत्य विहार निवासी किशोर सिंह पुत्र अतर सिंह शुक्रवार को अपने रिश्तेदार गाजियाबाद के सुल्तानपुर निवासी सोनी के साथ बाइक से गांव कौल में एक शादी समारोह में शामिल होने आये थे। रात्रि में करीब नौ बजे उसकी बाइक हापुड़-मेरठ रोड पर खरखौदा कस्बा में धर्मकांटे के सामने पहुंची। यहां सड़क पर पहले से ही बिना इंडीकेटर के खडे़ खराब ट्रक में बाइक घुस गई। जिसमें बिना हेलमेट के बाइक चला रहे किशोर सिंह (55) की मौके पर ही मौत हो गई तथा सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया। कस्बे के लोगों के अनुसार सूचना के एक घंटे बाद भी घटनास्थल से कुछ दूर मौजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। राहगीरों ने सरकारी एंबुलेंस से घायल को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब में मिले मोबाइल व अन्य कागजों के आधार पर परिजनों को जानकारी दी तथा शव को मोर्चरी भेज दिया। शुक्रवार तड़के पहुुंचे मृतक पक्ष के लोगों ने कार्रवाई करने से इनकार कर दिया तथा शव को सुपुर्दगी में लेने की मांग की। जिसमें पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया। वहीं, शनिवार शाम खरखौदा-मोहिउद्दीनपुर रोड पर गांव धनतला के सामने कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार थाना परतापुर थाना क्षेत्र के गांव भूड़बराल निवासी चंद्रसैन, उसका बेटा अमित और चंद्रसैन की पत्नी शारदा सहित तीन लोग घायल हो गये। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार सभी घायलों को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
मुख्य बातें
धर्म कांटे के समीप खराब खडे़ ट्रक से टकराई बाइक
खरखौदा-मोहिउद्दीनपुर रोड पर धनतला के सामने कार ने बाइक को मारी टक्कर