मोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी के सामने रविवार रात करीब 8:45 बजे सीमेंट से भरा ट्रक पलटने से नेशनल हाईवे पर करीब तीन घंटे भीषण जाम की स्थिति रही। पुलिस ने हाईवे वनवे किया तो स्थिति और बिगड़ गई। मोहिउद्दीनपुर से मेरठ और मोदीनगर के बीच करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। क्रेन से ट्रक को हटाने और करीब तीन घंटे तक की मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे के आसपास ट्रैफिक सुचारु हो पाया।
रविवार को अक्सर दिल्ली रोड पर जाम की स्थिति रहती है। हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा होता है। मोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी के सामने सीमेंट से भरा ट्रक पलटते ही वाहनों की लाइन लगनी शुरू हो गई। देखते ही देखते हाईवे जाम हो गया। जाम की सूचना पर पहुंचे एसओ परतापुर रण सिंह यादव ने दिल्ली रोड को वनवे करा दिया। वाहनों की लाइन इधर परतापुर तिराहा तो उधर मोदीनगर तक पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रक सड़क से हटवाया। जिसके बाद जाम खुलवाया जा सका।
जल्दबाजी ने लगाया जाम
एसओ परतापुर का कहना है कि रविवार को दिल्ली से लौटने वालों की संख्या ज्यादा होती है। वाहन चालकों की एक-दूसरे से आगे निकलने की जल्दबाजी के चलते जाम लगा। पुलिस हाईवे को वनवे कर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में लगी थी। वाहनों की संख्या ज्यादा होने के चलते भयंकर जाम लग गया। ट्रक हटने के बाद ही ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर लौटी।
वीकेंड पर यात्रियों की फजीहत
मोदीनगर। रविवार को एनएच-58 पर दिनभर जाम के चलते लोगों की फजीहत हुई। पुलिस यातायात सुचारु कराने में लगी रही, मगर वाहनों को रफ्तार नहीं मिल सकी। देर रात तक हाईवे पर जाम के ही हालात थे। जाम का कारण मोदीनगर में चल रहा नाला निर्माण बना है।
दरअसल, मोदीनगर में नगर पालिका परिषद नाले का निर्माण करा रहा है, जो जाम का सबब बना है। रविवार को छुट्टी के कारण मोदीनगर में वैसे ही जाम लगता था। अब नाला निर्माण के कारण जाम और भयंकर होने लगा है। रविवार सुबह आठ बजे से ही वाहनों की रफ्तार थमनी शुरू हो गई। दोपहर को थोड़ी राहत मिली, लेकिन शाम होते ही फिर वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई।
जाम में फंसने के कारण एंबुलेंस, वीआईपी को भी परेशानी उठानी पड़ी। देर रात पर हाईवे पर वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ रहे थे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आरके प्रसाद ने बताया कि नाला निर्माण अंतिम चरण में है। ठेकेदारों को कार्य गति बढ़ाने की हिदायत दी गई है।