सरधना/मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव में ऑनर किलिंग की घटना को परिजन तीन घंटे तक छिपाए रहे। परिवार युवती का शव लेकर अस्पताल पहुंचे तो सूचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस के अनुसार परिजनों की प्लानिंग बदमाशों द्वारा डकैती के दौरान हत्या करना जताना थी। लेकिन परिवार के सदस्यों के अलग-अलग बयान सामने आने पर मामला खुलता चला गया।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात 112 नंबर से सूचना मिली थी कि ग्राम दबथुवा से सटे गढ़ी गांव में अज्ञात बदमाशों ने जयविंद्र के घर के गेट पर टीना उर्फ तान्या चौधरी को गोली मार दी है। पुलिस अस्पताल पहुंची तो पता चला कि तान्या की मौत हो चुकी है। एसपी देहात अविनाश पांडेय और सीओ सरधना पंकज सिंह और महिला इंस्पेक्टर ने तान्या के परिवार के सदस्यों से घटना के संबंध में पूछताछ की तो पिता और अन्य लोगों ने बताया कि बदमाश डकैती डालने आए होंगे। गेट खोलते ही गोली चला दी। जबकि जहां खून पड़ा था, उसे भी पानी से साफ करने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने बताया कि तान्या के भाई तुषार द्वारा घटना का समय अलग-अलग होना बताया गया। यह घटना शनिवार रात करीब 9 बजे हुई थी जबकि पुलिस को सूचना देर रात करीब 12:20 बजे दी गई। महिला इंस्पेक्टर ने बताया कि तान्या को एक नहीं दो गोली लगी थीं।
प्लानिंग के बाद की वारदात
एसपी देहात अविनाश पांडे के अनुसार युवती के भाई तुषार, ताऊ धर्मवीर व माता सीमा व अन्य परिजनों से सख्ती से पूछताछ की गयी तो तुषार ने बताया कि मैं और मेरा तहेरा भाई प्रशांत उर्फ किट्टू पुत्र धर्मवीर और हमारे दोस्त सलमान ने दोस्त के बर्थडे मे शराब पी थी। वहां से आने के बाद मेरे ताऊ के मकान में भी हमने शराब पी थी। उसकी बहन तान्या के एक युवक से प्रेम संबंध थे, जो प्रशांत का दोस्त था। हमने उस युवक को तान्या का पीछा न करने को कहा था। इसी गुस्से में प्रशांत ने तान्या को गोली मार दी थी। घटना को छिपाने के लिए हवाई फायर भी किए थे। घटनास्थल पर खून साफ कर मौके से तान्या के शव को उठाकर अंदर कमरे मे ले गए थे। कमरे मे भी साफ सफाई की। उसके बाद योजना बनाकर पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर झूठी सूचना दी गयी थी। रविवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार हुआ।
परिजनों से हुआ था झगड़ा
एसओ सरधना उपेंद्र मलिक के अनुसार परिजनों ने बताया कि तान्या एक बार फेल हो गई थी। वह हॉस्टल में रहकर पढ़ने के लिए कहती थी। लेकिन परिजन इसका विरोध करते थे। तान्या की एक युवक से दोस्ती है इसका पता चलने पर कई बार परिजनों ने तान्या के घर से निकलने पर रोक लगाते हुए उसका मोबाइल भी छीन लिया था। मोबाइल की सीडीआर में भी एक नंबर पर बात होना पुलिस ने बताया है।