शहर में एसबीआई की पहली इन टच ब्रांच सोमवार से बेगमपुल पर शुरू हो गई। यह ब्रांच पूरी तरह डिजिटल और कैशलेस है। यहां महज पांच मिनट में आपका एकाउंट खुलते ही डेबिट कार्ड भी मिल जाएगा। पहले दिन 22 खाते खुले।
ब्रांच का शुभारंभ बैंक के दिल्ली जोन के महाप्रबंधक अजीत सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने बताया कि पांच मिनट में ग्राहक एकाउंट खुलवाकर डेबिट कार्ड लेकर जा सकते हैं। आपको सिर्फ अपना आधार कार्ड लेकर आना होगा। यदि आधार कार्ड नहीं है तो पैन कार्ड, वोटर कार्ड या कोई और सरकारी प्रपत्र जिसमें आपका पूरा पता लिखा हो लेकर आएं। ब्रांच में लगी एकाउंट ओपन मशीन में एकाउंट ओपन ऑप्शन पर क्लिक करने पर सिस्टम द्वारा आपके बारे में मांगी जानकारियां दर्ज कर दें। यह आपका एकाउंट ओपन फार्म होगा। सिस्टम मशीन आपका फोटो खुद खींच लेगी और वही फोटो आपके फार्म पर आ जाएगा। फार्म चेक करने के बाद बैंक में मौजूद अधिकारी अपने सिस्टम से उसे ओके करेंगे और आपका एकाउंट खुल जाएगा। मशीन से आपके एकाउंट नंबर की स्लिप आपको मिल जाएगी। यदि आप किसी भी कंपनी का डेबिट कार्ड लेना चाहते हैं तो इसके लिए मशीन पर एप्लाई करने पर तुरंत ही डेबिट कार्ड और पिन भी आपको मिल जाएगा।
बैंक के अधिकारियों ने बताया कि बैंक का टाइम सुबह 10 से 4 बजे तक है। अकाउंट ओपन मशीन इसी टाइम में खुलेगी। बाकी मशीनें 24 घंटे खुली रहेंगी। इस अवसर पर बैंक के उप महाप्रबंधक शंतनु पेंडसे, रीजनल मैनेजर आरिफ खान, व्यापारी नेता सुनील दुआ, राजेश कुमार, एचएम अग्रवाल, चीफ मैनेजर विपिन विश्नोई, अनिल सिंघल, दिग्विजय शर्मा, टरेसा जोसफ आदि मौजूद रहे।
बैंक में यह है सुविधा
1. एकाउंट ओपन मशीन (एओएम)
2. कैश डिपॉजिट मशीन (सीडीएम )
3. चेक डिपॉजिट मशीन (सीडीएम)
4. पास बुक प्रिंटिंग क्योस्क
डेबिट कार्ड पर फोटो
एकाउंट ओपन मशीन पर फार्म भरते वक्त मशीन द्वारा खींचा गया फोटो बैंक के प्रपत्र के अलावा आपको जारी होने वाले डेबिट कार्ड पर भी होगा। जो अपने आप में बिल्कुल नई और हाईटेक व्यवस्था है।
जीरो बैलेंस पर खाता
आप यहां जीरो बैलेंस पर एकाउंट खुलवा सकते हैं। साथ ही एटीएम भी मिलेगा। वहीं बैंक अधिकारियों ने बताया कि मशीन कुछ देर के लिए हैंग होने से परेशानी हुई, लेकिन बाद में चालू हो गई।