Hepatitis C outbreak in the register
कैराना (शामली)। पानीपत रोड स्थित गांव पंजीठ में हेपेटाइटिस सी (काला पीलिया) का प्रकोप फैला हुआ है। बीमारी से पीड़ित ग्रामीण दूसरे शहरों में अपना उपचार करा रहे हैं तो कुछ गरीब लोग स्थानीय चिकित्सकों से उपचार करा रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि कैराना से बडे़ नाले द्वारा गंदा पानी उनके गांव के तालाब में आता है, जिस कारण प्रदूषण की वजह से यह बीमारी फैल रही है।
कैराना से पानीपत रोड पर तीन किलोमीटर की दूरी पर गांव पंजीठ बसा है। यहां पर करीब तीन साल पूर्व हेपेटाइटिस सी का प्रकोप शुरू हुआ था। ग्रामीणों कहना है कि 40 वर्षीय अनीस की इसी बीमारी के कारण दो साल पूर्व मौत हो गई थी। डेढ़ साल पूर्व अनीस के पिता हमीद की भी काला पीलिया से मौत हुई थी। चारपाई पर लेटी अनीस की मां नीशो ने बताया कि वह कई दिन से बीमार है। पेट में दर्द रहता है। शुक्रवार को शामली के निजी अस्पताल में उपचार के लिए गई थी। वहां रक्त की जांच हुई तो चिकित्सक ने काला पीलिया होना बताया। बलेदीन ने बताया कि उसकी 55 वर्षीय पत्नी रूकसाना को पानीपत में डाक्टर ने हेपेटाइटिस सी बताया। अब तक इलाज पर 21 हजार रुपये खर्च हो चुके है। वह मजदूरी करके परिवार का पेट पालता है। यासीन व आलमदीन ने बताया करीब दो माह पहले गांव में आई एनजीओ द्वारा रक्त की जांच की थी।
उन्हें हेपेटाइटिस सी होना बताया था। अभी ज्यादा परेशानी न होने के कारण उपचार शुरू नहीं कराया है। पहल सिंह सैनी ने बताया कि कैराना से गांव तक आ रहे नाले और तालाब का पानी दूषित हो गया, जिस कारण ग्रामीण बीमार हो रहे है। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना के चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर अनिल कुमार का कहना है कि गांव में टीम भेजकर हेपेटाइटिस की जांच कराएंगे। साथ ही पानी की भी जांच कराई जाएगी।
ग्राम प्रधान इरशाद ने बताया कि गांव में करीब 24 से अधिक ग्रामीण हेपेटाइटिस सी से ग्रस्त है। कुछ लोग बड़े शहरों में उपचार करा रहे, लेकिन गरीब लोग बड़े अस्पतालों में नहीं जा पाते। कैराना से बड़े नाले द्वारा गंदा पानी गांव के तालाब में आकर इकट्ठा होता है जिस कारण बीमारी फैल रही है। उन्होंने प्रशासन से गंदे पानी के नाले से निजात दिलाने की मांग की है।
कोट -
हेपेेटाइटिस सी रक्त संक्रामक बीमारी है। गांव पंजीठ में हेपेटाइटिस सी होने का मामला अभी जानकारी में नहीं है। इसके बारे में जानकारी की जाएगी। - डाक्टर संजय भटनागर, सीएमओ।