- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में चलाया गया जागरूकता अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
हस्तिनापुर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में महिलाओं एवं बालिका सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को सेल्फ डिफेंस और छात्राओं की मदद के लिए पुलिस की योजनाओं की जानकारी दी गई।
कस्बे के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कार्यक्रम में पहुंचे थाना प्रभारी हस्तिनापुर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि बालिकाओं, महिलाओं की सुरक्षा के लिए यह अभियान बेटियों को और सशक्त बनाने में कारगर हो रहा है। इसकी चर्चा आज हर जगह हो रही है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि यदि कोई परेशान करता है तो उससे बचने और लड़ने के लिए हाथ में लाठी डंडा या हथियार की जरूरत नहीं आपके पास पैन, हेयर पिन, बॉल पिन और बॉक्स में ऐसी नुकीली चीजें होती हैं। उन से हमलाकर आप अपना बचाव आसानी से कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी विषम स्थिति से निपटने के लिए सरकार की तरफ से चलाई जाने वाली हेल्पलाइन 1090 और 181 डायल 100 का प्रयोग समय रहते करे, तत्काल पुलिस मौके पर पहुंचकर मदद करेगी। महिला हेल्पलाइन 181 की छात्राओं को जानकारी देते हुए कहा कि यह कॉल निशुल्क है इस पर मानसिक, शारीरिक और घरेलू हिंसा आदि से कोई 24 घंटे किसी भी समय कॉल कर मदद ली जा सकती है। इस पर किसी भी समस्या का समाधान कराया जा सकता है।