मनचले से परेशान होकर किशोरी घर में कैद
रमाला। क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी को एक मनचला पिछले कुछ दिन से मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहा है। विरोध करने पर किशोरी के साथ गाली गलौज कर अभद्रता की गई। किशोरी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 18 जुलाई को उसके मोबाइल पर आए आपत्तिजनक मैसेज देखकर उसने फोन किया और दोबारा मैसेज भेजने से मना किया। इस पर मैसेज भेजने वाले युवक ने उसके साथ फोन पर अभद्रता की और गाली गलौज कर बदनाम करने की धमकी दी।
पीड़िता ने अपने परिवार वालों को इसके बारे में बताया तो उन्होंने गांव में मनचले का पता किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अब फिर से उसके फोन पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान किया जा रहा है, जिससे डरकर किशोरी ने घर से निकलना भी बंद कर दिया। उधर, पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर अश्लील मैसेज भेजने वाले के बारे में पता किया जा रहा है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छात्रा ने बयान में अपहरण करने की बात कही
बिनौली से लापता हुई कक्षा सात की छात्रा के पुलिस ने बरामद करने के बाद मंगलवार को न्यायालय में बयान कराए। जहां छात्रा ने बताया कि उनकी दुकान पर रहने वाला नौकर राजा निवासी पिचौकरा ने अपने एक साथी साकिब निवासी बिनौली के साथ मिलकर उसका अपहरण किया था।
वह जब दुकान पर गई थी तो पहले उनका नौकर उससे बातचीत करने लगा और वह विश्वास करके बातचीत करने लगी, तभी उसको जबरन बाइक पर लेकर चले गए। वह उसे शामली की तरफ लेकर जा रहे थे तो बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
अस्पताल में भर्ती होने पर उसने उनको पूरी बात बताई तो अस्पताल में पुलिस पहुंची और उनको वापस लेकर आई। बयान में छेड़छाड़ की बात बताई है। बयान होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय का कहना है कि बिनौली मामले में पुलिस ने छात्रा के बयान के आधार पर कार्रवाई की। इसमें जल्द ही आरोपपत्र समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी।