सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में मरीजों व उनके तीमारदारों की सहूलियत के लिए स्थापित की गई हेल्प डेस्क ही गायब है। सही जानकारी नहीं मिलने पर मरीज व तीमारदार भटक रहे हैं। चिकित्सक कक्ष और वार्ड तक पहुंचने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसबीडी जिला अस्पताल 320 बेड का है, जिसकी ओपीडी में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज पहुंचते हैं। वार्डों में भर्ती का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। करीब तीन साल पहले अस्पताल की ओपीडी लाइन और इमरजेंसी में हेल्प डेस्क को स्थापित किया गया था। हेल्प डेस्क पर कर्मचारी नियुक्त किया था। दिन बीतने के साथ ही अस्पताल से हेल्प डेस्क गायब हो गई है। चिकित्सक कक्ष, औषधि भंडार कक्ष, वार्ड, अधिकारी कार्यालय, पैथोलॉजी, सीटी स्कैन, फिजियोथेरेपी, एआरवी इंजेक्शन कक्ष, डायलिसिस यूनिट, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड कक्ष तक पहुंचने के लिए मरीज भटक रहे। इन तीन साल में कई अधिकारी आए और चले गए, लेकिन किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया।
-
कक्ष बनाकर धन का दुरुपयोग
आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए जिला अस्पताल की ओपीडी लाइन में आयुष्मान योजना का कक्ष बना है, लेकिन कक्ष का चैनल बंद रहता है। कक्ष का लाभार्थियों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। ऐसे में कक्ष बनाकर केवल धन का ही दुरुपयोग किया गया।
-
भाई साहब, एक्सरे कराना है, कहां पर होगा
पेपर मिल रोड निवासी खुर्शीद बृहस्पतिवार को बारिश में भीगते हुए अस्पताल पहुंचा। कई लोगों से पूछा कि भाई साहब एक्सरे कहा पर होता है। जानकारी के अभाव में खुर्शीद काफी देर तक इधर-उधर भटकता रहा। बाद में एक्सरे कक्ष तक पहुंचा।