मेरठ। शहर की हलकी सड़कों को भारी वाहन तोड़ रहे हैं। ट्रक चालक रात में मुख्य मार्गों को छोड़कर वीआईपी इलाकों की सड़कों से भी निकल रहे हैं। नतीजन सड़कें समय से पहले ही टूट रही हैं। इसके बाद भी नगर निगम, एमडीए के अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। जबकि शहर में भारी वाहनों से कई बार हादसे भी हो चुके हैं। इन क्षेत्रों में पड़ने वाले थाने
लोक निर्माण विभाग के मानक के अनुसार भारी वाहनों के लिए 50 से 60 फीट चौड़ी सड़कें बनाई जाती हैं। सड़कों को बनाते समय मोटी कंकरीट की परत डाली जाती है। कम चौड़े मार्ग पर हल्की कंकरीट की परत डाली जाती है। इसलिए इन सड़कों पर जब भारी वाहन गुजरते हैं तो ये सड़कें समय से पहले ही टूट जाती हैं। शहर के अंदर की अधिकांश सड़कें 30 से 35 फीट चौड़ी हैं। इन सड़कों पर भारी वाहन प्रतिबंधित हैं। शहर में ब्रह्मपुरी, देहली गेट, लिसाड़ी गेट, लालकुर्ती और सिविल लाइन थाना क्षेत्र से रात में भारी वाहन धड़ल्ले से हल्की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। पुलिस सब जानते हुए भी अनजान बनी हुई है।
इन प्रतिबंधित मार्गों से निकल रहे भारी वाहन
दिल्ली रोड से शारदा रोड, भूमिया का पुल होते हुए हापुड़ अड्डा चौराहा। दिल्ली रोड से घंटाघर, खैरनगर, बच्चा पार्क चौराहा, वेस्टर्न रोड होकर कचहरी पुल से एसएसपी आवास के रास्ते बाउंड्री रोड पर भारी वाहन जाते हैं। बाउंड्री रोड पर साईं मंदिर से कमिश्नरी कार्यालय, वेस्टर्न कचहरी रोड से नाला रोड और बच्चा पार्क की तरफ ट्रक जाते हैं। बेगमपुल से नाला रोड होते हुए कचहरी पुल से एसएसपी आवास की तरफ भी वाहन आते हैं। साकेत, विवि रोड से धनवंतरी अस्पताल के रास्ते स्टेडियम के सामने से कचहरी पुल के रास्ते हुए ट्रक आते जाते हैं। कमिश्नरी आवास चौराहे से स्टेडियम चौराहा, डीएम आवास रोड से भी भारी वाहन गुजर रहे हैं।
यह है भारी वाहनों का मुख्य मार्ग
शहर में बेगमपुल से बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा, हापुड़ अड्डा, गढ़ रोड और हापुड़ रोड मुख्य मार्ग है। बेगमपुल से जीरो माइल, लालकुर्ती मुख्य मार्ग, बाउंड्री रोड से कमिश्नरी आवास चौपला, विवि रोड, मवाना रोड मुख्य मार्ग हैं।
इन स्थानों से करते हैं प्रवेश
कमिश्नर आवास चौराहा, बाउंड्री रोड स्थित साईं मंदिर, बेगमपुल स्थित कचहरी पुल मार्ग पर, दिल्ली रोड पर शारदा रोड तिराहा, मेट्रो प्लाजा के सामने, रेलवे रोड चौराहे से घंटाघर की तरफ, हापुड़ अड्डा चौराहे से और इंदिरा चौक से शहर में प्रवेश करते हैं।
-----------------------------
वर्जन...
रात में ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी नहीं
रात में ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी नौ बजे तक रहती है। नौ बजे के बाद भारी वाहनों के लिए ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। यह थाना पुलिस की जिम्मेदारी है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा। - संजीव बाजपेयी, एसपी ट्रैफिक