सरधना नगर में पुलिस चौकी के निकट गन्ने के ओवरलोड ट्रकों से लगा जाम।
- फोटो : SARDANA
सरधना। नगर के साथ ही मेरठ करनाल हाईवे पर नानू गंगनहर पुल पर रविवार को दिनभर जाम लगा रहा। नानू पुल पर दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहन रेंगते नजर आए। ट्रैफिक पुलिस के प्रयास के बाद भी लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
सिवाया टोल प्लाजा से टोल बचाने और गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर चौड़ीकरण के बाद से इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। गन्ने से लदे ट्रकों के कारण भी मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। शनिवार और रविवार को जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। वजह छुट्टी होने के कारण दिल्ली क्षेत्र के लोग हरिद्वार और देहरादून का रुख करते हैं। ऐसे में रविवार को गंगनहर पटरी पर सुबह से ही भीषण जाम लगना शुरू हो गया। जाम खुलवाने के लिए पुलिस पूरे दिन मशक्कत करती रही। उधर नगर में देवी मंदिर व पुलिस चौकी बस स्टैंड पर भी भारी वाहनों व गन्नों के ओवरलोड ट्रकों के कारण जाम की स्थिति बन रही।