सरूरपुर। ब्लॉक सभागार में एसआईआर अभियान के तहत जारी नोटिसों की सुनवाई की गई। इस दौरान सरूरपुर ब्लॉक क्षेत्र में जारी कुल 5300 नोटिसों से संबंधित मामलों पर विचार किया गया। सुनवाई एईआरओ न्यायिक तहसीलदार अनुजा अत्री की अध्यक्षता में हुई। जिसमें सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के बूथ 1 से 140 तक के मतदाताओं ने अपनी समस्याएं रखीं। अब तक पूरे ब्लाक के करीब 60 फीसदी नोटिसों पर सुनवाई कर निस्तारण किया गया है।
बृहस्पतिवार को सुनवाई के पहले दिन करीब 600 मतदाताओं की समस्याओं को सुना गया। मतदाताओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अन्य लोगों को एसआईआर में चुनाव आयोग की तरफ से जारी दस्तावेज के आधार पर सूची में नाम जोड़ने की बात कही गई। अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में बरकरार रखने के निर्देश दिए। वहीं, त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। हालांकि, सुनवाई के दौरान ग्रामीणों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि सुनवाई स्थल पर भीड़ अधिक होने के कारण लंबा इंतजार करना पड़ा। जिससे बुजुर्गों और महिलाओं को खासा दिक्कत हुई। साथ ही कई गांवों के ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत अधिकारी उन्हें परिवार रजिस्टर की नकल देने में परेशान कर रहे है।
एईआरओ अनुजा अत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिन मतदाताओं के दस्तावेज सही पाए जाएंगे उनके नाम मतदाता सूची से नहीं हटाए जाएंगे। सरूरपुर ब्लॉक के सभी पंचायत सचिवों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी ग्रामीण को परिवार रजिस्टर की नकल देने में बिना वजह परेशान न करें। शिकायत मिलने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।