होटल हारमनी इन का कैसीनो प्रकरण, पुलिस कर रही जमानत खारिज कराने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। होटल हारमनी इन में कैसीनो पकड़े जाने के मामले में गिरफ्तार हुए भाजपा नेता नवीन अरोड़ा समेत नौ आरोपियों की अंतरिम जमानत पर अब 13 नवंबर बुधवार को सुनवाई होगी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि अदालत में आरोपियों के खिलाफ जांच में सहयोग न करने के तथ्य प्रस्तुत कर अंतरिम जमानत खारिज कराने की तैयारी की जा रही है।
नौचंदी थाने के गढ़ रोड स्थित हारमनी इन होटल में 21 अक्तूबर को पुलिस ने छापा मारकर कैसीनो पकड़ा था। मुकदमे में शास्त्रीनगर निवासी होटल स्वामी भाजपा नेता नवीन अरोड़ा, राकेश सहगल निवासी वेस्टर्न कचहरी रोड (धागा कारोबारी), मोहित टंडन निवासी जागृति विहार (हैंडलूम व्यापारी), गौरव कंसल निवासी वेस्टर्न कचहरी रोड (स्पेयर पार्ट्स कारोबारी), राजकुमार निवासी बेगमबाग (हैंडलूम कारोबारी), राजीव गुलाटी निवासी बेगम बाग (कपड़ा कारोबारी), संजय अरोड़ा निवासी शास्त्री नगर (अधिवक्ता इनकम टैक्स विभाग), देवेंद्र पाल सेठी निवासी सिविल लाइल (फल आढ़ती), होटल के पार्टनर राजेश मिगलानी, राजेश जुनेजा, अशोक तनेजा, अमित चांदना के साथ मैनेजर आदिल खान व रजत सिंह और हिमांशु के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आठ आरोपी नवीन अरोड़ा, राजीव, राजकुमार, राकेश, संजय, मोहित, देवेंद्र और गौरव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। जहां से उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई थी। चार नवंबर को नवीन अरोड़ा समेत आठ आरोपियों की अंतरिम जमानत पर सुनवाई होनी थी, लेकिन वकीलों के कार्य बहिष्कार के चलते कोर्ट ने अब अंतरिम जमानत पर सुनवाई के लिए 13 नवंबर की तिथि लगाई है।
-