एसपी सिटी ने सिविल लाइन पुलिस को मौके पर भेजा, भागे आराेपी रास्ते से गुजर रही छात्राओं पर की आपत्तिजनक टिप्पणी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। आरजी डिग्री कॉलेज के सामने विजयनगर में रविवार रात साढ़े सात से नौ बजे तक शराबियों ने बीच सड़क पर थार खड़ी कर जमकर उत्पात मचाया। तेज आवाज में गाने बजाकर डांस किया और यहां से निकल रहे लोगों से गाली गलौज की। इसका वीडियो वायरल हुआ है। पास स्थित प्राइवेट गर्ल्स हॉस्टल तक में पहुंचने में छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ी। एसपी सिटी के निर्देश पर पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग गए। विजयनगर में कुछ युवकों ने रविवार रात पहले थार में बैठकर शराब पी। इसके बाद अपने दोस्तों को भी बुला लिया और तेज आवाज में गाने बजाने शुरू कर दिए। यह देखकर यहां का चौकीदार भी घबराकर चला गया। इसके बाद आरोपी युवक डेढ़ घंटे तक अलग-अलग गानों पर डांस और उत्पात मचाते रहे। आरोप है कि आरोपियों ने यहां से निकलने वाली युवतियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। लोगों ने शिकायत एसपी सिटी से फोन पर की। इसके बाद एक दरोगा और एक सिपाही मौके पर पहुंचे लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी यहां से निकल गए। हालांकि पुलिस ने इससे पहले आरोपियों की वीडियो बना ली। लेकिन पुलिस ने अभी मामला दर्ज नहीं किया है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि सूचना मिली थी, तभी तत्काल पुलिस को मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की, इस संबंध में थाना पुलिस से जानकारी ली जाएगी।