त्योहारों के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग (एफडीए) की तरफ से की जा रही सैंपलिंग के दौरान शनिवार को सदर स्थित एक दुकान पर रखे रसगुल्लों में चीटें और गंदगी मिलने पर अधिकारी भड़क गए। उन्होंने अभियान का विरोध कर रहे व्यापारियों को गंदगी दिखाई तो उनके तेवर ढीले पड़ गए। वहीं एक बेकरी संचालक को भी रसोई में सुधार के आदेश दिए।
एफडीए की टीम दो दिन से कैंट क्षेत्र की दुकानों से सैंपलिंग कर रही है। शनिवार को पहले आबूलेन स्थित दो दुकानों से सैंपल लिए गए। इसके बाद टीम सदर बाजार पहुंची। यहां व्यापारियों ने फोर्स के साथ सैंपलिंग किए जाने पर आपत्ति जताई। इस दौरान व्यापारियों और कैंट बोर्ड के एसएचओ (स्टेशन हेल्थ ऑफिसर) अतुल के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
हालांकि एफडीए के अभिहित अधिकारी वीके वर्मा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह के समझाने पर व्यापारी शांत हुए। उधर, लालकुर्ती थाने में आईजी के निरीक्षण के कारण फोर्स न मिलने से लालकुर्ती क्षेत्र में सैंपलिंग नहीं हो सकी। टीम को सदर स्थित रामनाथ लड्डू वाले की दुकान पर रसोई में गंदगी मिली।
टब में रखे तैयार रसगुल्लों में चींटे और गंदगी मिलने पर एसएचओ भड़क गए। वहीं विरोध कर रहे व्यापारियों को गंदगी दिखाई तो उनके तेवर ढीले पड़ गए। टीम ने मिठाई तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे कलर को लेकर भी नाराजगी जताई और कलर रसगुल्ले का सैंपल भरा। वहीं अल्फा बेकरी की रसोई को अभिहित अधिकारी ने देखा और सुधार किए जाने का सुझाव दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दर्पण कुमार, वाईडी आर्या और जितेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।