मेरठ। सुभारती विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद शोध पीठ के तत्वाधान में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर और मजबूत मन ही सशक्त राष्ट्र की नींव हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत जनरल मोहन सिंह सुभारती खेल मैदान में रन फॉर स्वदेशी से हुई। पांच किमी दौड़ में छात्र-छात्राओं, एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह से भाग लिया। कार्यकारी अधिकारी डॉ. कृष्णा मूर्ति ने स्वदेशी अपनाने और राष्ट्रहित में योगदान का आह्वान किया। सुभारती लॉ कॉलेज में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर प्रेरक सत्र हुआ, जहां मुख्य वक्ता डॉ. राहुल बंसल ने छात्रों को भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
नंदलाल बोस सुभारती कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स एंड फैशन डिजाइन में स्वदेशी थीम पर प्रदर्शनी लगी। छात्रों द्वारा बनाई पोस्टर, पेंटिंग और वस्त्र शिल्प प्रदर्शित हुए। इसमें डॉ. अनुराधा त्यागी विशेष अतिथि रहीं। पांच श्रेष्ठ कलाकृतियों को पुरस्कृत किया गया। सत्यजीत रे सभागार में युवा मानसिक स्वास्थ्य, स्क्रीन समय एवं नशा सेवन प्रबंधन पर कार्यशाला हुई। इस्कॉन के आदि मनोहर दास, डॉ. सीमा शर्मा और युवा फिल्म निर्माता अखिलेश वर्मा ने डिजिटल संतुलन, नशा रोकथाम और समय प्रबंधन पर व्याख्यान दिए। प्रो. डॉ. सुधीर त्यागी ने छात्रों को हरी झंडी दिखाई। ये कार्यक्रम युवाओं को स्वदेशी, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने में सफल रहे।