स्वास्थ्य विभाग भी रहेगा अलर्ट
मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में बनाई व्यवस्था
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। इसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट रहेगा। मेडिकल कॉलेज, महिला जिला अस्पताल और जिला अस्पताल में 50 से ज्यादा बेड आरक्षित किए गए हैं, साथ ही चिकित्सकों की राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाई गई है। चिकित्सक ऑन कॉल भी उपलब्ध होंगे। 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और 26 शहरी स्वास्थ्य केंद्र (अर्बन हेल्थ सेंटर) पर भी इमरजेंसी में इलाज के इंतजाम किए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि मतदान बूथ पर किसी स्टाफ को स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी होती है उसे सीएचसी तक ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस रहेगी। इसके अलावा 102 एंबुलेंस की भी मदद ली जा सकती है। जगह-जगह स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौजूद रहेंगी। कोई चिकित्सक या स्टाफ अगर अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ आरसी गुप्ता ने बताया कि मेडिकल की इमरजेंसी में 20 बेड आरक्षित हैं। इसके अलावा चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है। क्विक रिस्पांस टीम बनाई गई है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि इमरजेंसी में पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। 20 से ज्यादा बेड आरक्षित हैं। महिला जिला अस्पताल में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं।