मेरठ। कोरोना वैक्सीन के रखरखाव के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार है। अब वैक्सीन का इंतजार है। इसके लिए मेरठ में 27 जगह कोल्ड चेन बनाई गई हैं। साथ ही सरकारी संस्थानों में कार्यरत स्टाफ का डाटा शासन को भेज दिया है। निजी चिकित्सा संस्थानों का डाटा फीड किया जा रहा है। अभी 600 से अधिक संस्थान शेष हैं।
कोरोना वैक्सीन सबसे पहले सरकारी स्वास्थ्य कर्मियों को लगेगी। इसके बाद निजी स्वास्थ्य कर्मी व अन्य सरकारी संस्थानों के स्टाफ को। इसके लिए डाटा फीडिंग जारी है। सरकारी स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य विभागों ने सूचना दे दी है, लेकिन अभी निजी चिकित्सा व अन्य संस्थान बचे हैं, जिन्होंने सूचना नहीं दी है। कुल 1720 निजी चिकित्सा-स्वास्थ्य व अन्य संस्थानों को अपने स्टाफ और कर्मचारियों का डाटा फीड करना है। इनमें एक हजार से ज्यादा जानकारी दे चुके हैं।
यहां बनाई हैं कोल्ड चेन
नंगला बट्टू, जाहिदपुर, साबुन गोदाम, मलियाना, रजबन, कैंट, मवाना, सरधना, जिला अस्पताल के बराबर में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर, अपर स्वास्थ्य निदेशक कार्यालय, मेडिकल कॉलेज आदि हैं। कोरोना वैक्सीन रखने की तैयारी हो चुकी है। जगह चिह्नित कर ली गई हैं। यह भी तय हो गया है कि वैक्सीन पहले सरकारी और निजी स्वास्थ्यकर्मियों को लगाई जाएगी। वैक्सीन के रखरखाव और लगाने की जिम्मेदारी भी इन्हीं पर होगी। जिस कोल्ड चेन स्टोर में वैक्सीन रखी जाएगी उसमें आइस लाइनर रेफ्रिजेरेटर की व्यवस्था होगी। प्लस टू से प्लस 8 के तापमान तक वैक्सीन को रखने के बारे में फिलहाल सोचा गया है। -डॉ. अखिलेश मोहन, सीएमओ
कोरोना के 124 नए मरीज मिले, सक्रिय केस दो हजार के पार
कोरोना के 124 नए मरीज मिले हैं, जबकि 88 मरीजों की छुट्टी हुई है। वर्तमान में सक्रिय केस 2061 हैं। इनमें से 803 होम आइसोलेशन में हैं।
नए मरीजों में हेल्थ केयर वर्कर, घरेलू महिलाएं, कारोबारी, स्टूडेंट्स और नौकरी पेशा आदि शामिल हैं। ये मेडिकल कॉलेज कैंपस, सूरजकुंड रोड, सरधना, मंगल पांडे नगर, रुड़की रोड, करीम नगर, सुपर टेक स्पोर्ट्स सिटी, सोमदत्त विहार फेस दो, अंबेडकर कॉलोनी सिवालखास, शास्त्रीनगर, कलियागढ़ी, भोपाल विहार, गंगानगर, डिफेंस कॉलोनी पुलिस लाइन, ब्रह्मपुरी, रशीद नगर, मीनाक्षीपुरम, शक्तिनगर मलियाना, जागृति विहार आदि के रहने वाले हैं। मरीजों की कुल संख्या 19336 हो गई है। 5632 सैंपलों की जांच हुई। अब तक 16893 मरीजों की छुट्टी हो चुकी है। 382 मरीजों की मौत हो चुकी है।
संयुक्त निदेशक ने किया पीएचसी का निरीक्षण
स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजकुमार ने बृहस्पतिवार को पीएचसी पल्हेड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।