पीड़िता की तहरीर पर पति समेत ससुराल वालों पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। सरकारी स्कूल की प्रधान अध्यापिका ने सिपाही पति समेत आठ ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उस पर मायके से पांच लाख रुपये और कार लाने का दबाव बनाया जाता रहा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
रोहटा रोड निवासी पीड़िता नीतू ने कंकरखेड़ा पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि दिसंबर 2016 में उसकी शादी बुलंदशहर जिले के खुर्जा थाना क्षेत्र के गांव खबरा निवासी पुष्पेंद्र से हुई थी। वह सरकारी स्कूल में प्रधान अध्यापिका है, जबकि उसका पति पुलिस विभाग में सिपाही है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। इसके चलते वह बुलंदशहर में किराए के मकान में रहने लगी थी। उस समय पति ने लिखित में माफी भी मांगी थी, लेकिन बाद में फिर मारपीट और धमकी देने का सिलसिला शुरू हो गया।
प्रधान अध्यापिका का आरोप है कि वर्ष 2018 में गर्भावस्था के दौरान उसे पीटकर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह अपने पिता के घर रहने लगी। पीड़िता ने पति पर नशे की हालत में मारपीट करने और पिस्टल दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार पति ने उस पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया। आरोप है कि उसके विभाग में जाकर कर्मचारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे उसकी नौकरी प्रभावित हुई।
पीड़िता ने बताया कि उसकी छोटी बेटी भी पति के पास है। कई बार बेटी को वापस देने की मांग करने के बावजूद उसे नहीं सौंपा गया। आरोप है कि तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर करने के बाद ही बेटी को लौटाने की बात कही गई। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पति समेत आरोपियों से मामले को लेकर पूछताछ की जाएगी।
-