हेडमास्टर निकला अवैध हथियारों का सौदागर
शिक्षा के मंदिर में ‘मौत’ का सौदा करने वाला हेड मास्टर अवैध हथियारों के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वेस्ट यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में करीब दो साल से हथियारों की सप्लाई कर रहा था। आरोपी एमएससी मैथ्स टॉपर है। उससे 32 बोर की तीन पिस्टल और 35 कारतूस बरामद हुए हैं।
एसपी देहात श्रवण कुमार सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर अवैध हथियारों के कारोबार का भंडाफोड़ किया। वेस्ट यूपी के जिलों में हथियारों की सप्लाई होने की शिकायत पर आईपीएस सुकीर्ति माधव, सीओ सदर देहात यूएन मिश्रा व सीओ विकास जायसवाल की टीम को लगाया गया था। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस अफसरों की टीम और इंचौली थाने में तैनात एसएसआई अजय चौधरी ने मिठेपुर गांव के जंगल से आरोपी दीपक कुमार पुत्र स्व. ओमवीर सिंह निवासी अझौता दौराला को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी दीपक खतौली, मुजफ्फरनगर के जिसौला गांव के प्राथमिक स्कूल में हेड मास्टर है। उसने बताया कि खतौली के एक बैंक से तीन लाख रुपये का लोन लिया था, जिसको वह नहीं चुका सका। इस कारण वह धंधा करने लगा। पुलिस के मुताबिक आरोपी दो साल से हथियारों की सप्लाई कर रहा था। वह लावड़ से अवैध असलहा लेकर आता था। किससे लाता था, इसके बारे में पता लगाने के लिए पुलिस दीपक से फिर से पूछताछ करेगी। तस्करी में दीपक के साथ उसके तीन साथी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।