आरएसओ के बैठक में न आने पर नाराजगी जताते मंत्री।
- फोटो : अमर उजाला
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रामकरण आर्य रविवार को सर्किट हाउस में विभाग की समीक्षा बैठक लेने पहुुंचे। मीटिंग में आरएसओ (रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर) के नहीं पहुंचने पर मंत्री भड़क गए। उन्होंने क्रीड़ा अधिकारी और कोच को मीटिंग से बाहर कर दिया। आरएसओ को फोन पर कड़ी फटकार लगाई।
मंत्री ने सबसे पहले खेल विभाग की समीक्षा शुरू की। इस दौरान उन्होंने आरएसओ अजय सेठी के बारे में पूछा। मीटिंग में मौजूद प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी नवीन त्यागी ने बताया कि आरएसओ सहारनपुर में हैं। इस कारण वह नहीं आ सके। इस पर मंत्री की त्यौरी चढ़ गई और उन्होंने नवीन त्यागी की जमकर क्लास ली। मंत्री ने आरएसओ से फोन पर बात कराने को कहा। मंत्री रामकरण आर्य ने आरएसओ को फोन पर खूब फटकारा।
आरएसओ ने बैठक के बारे में देर से सूचना मिलने की बात कही। इस पर मंत्री का पारा और बढ़ गया। उन्होंने स्पष्टीकरण देने को कहा। बाद में मंत्री ने नवीन त्यागी से विभाग से संबंधित रिकार्ड दिखाने को कहा तो नवीन त्यागी ने बैठक के बारे में देर से सूचना मिलने की बात कहते हुए रिकार्ड तैयार नहीं होने की बात कही। इस पर गुस्साए मंत्री ने नवीन त्यागी, कोच जयवीर सिंह, जेपी यादव और भूपेंद्र को बैठक से बाहर कर दिया।
साथ ही सभी से लिखित में स्पष्टीकरण मांगा। आरएसओ अजय सेठी ने बताया कि उन्हें रविवार को मीटिंग से कुछ देर पहले ही सूचना दी गई। उनके पास सहारनपुर के साथ मेरठ का भी अतिरिक्त चार्ज है। वह तीन दिन सहारनपुर और तीन दिन मेरठ में रहते हैं। नियमानुसार मीटिंग के बारे में दो दिन पहले सूचना दी जाती है। देरी से सूचना मिलने के कारण ही रिकार्ड तैयार नहीं हो पाया।