- आर्य नगर कंकरखेड़ा में हुआ केंद्रीय आर्य समिति का कार्यक्रम
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। आर्यनगर कंकरखेड़ा में केंद्रीय आर्य समिति में महर्षि दयानंद के गुरु विरजानंद के 158वें स्मृति दिवस पर यज्ञ हुआ। इसमें वैदिक ज्ञान के प्रचार का संकल्प दिलाया। आचार्य गोपाल शास्त्री और आचार्य सत्य प्रकाश ने मंत्रोच्चारण किया। भजन उपदेशक पंडित सौमित्र ने गुरुवर देव दयानंद सा गुरुवर न मिला, अनोखी शान का कोई रहबर नहीं मिला...जैसे भजनों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आचार्य धर्मपाल ने बताया कि गुरु विरजानंद वेदों का बहुत ही गहनता से अध्ययन किया था। वह चाहते थे कि वेद की ज्योति जलाई जाए। कुछ दिन बाद उन्हें ऐसा शिष्य मिला, जिसका नाम देव दयानंद था। वैदिक ज्ञान देकर गुरु दक्षिणा में उन्होंने वेद प्रचार की शपथ दिलाई। पूरे विश्व में वेदों का डंका बजाया। दुनिया से पाखंड व छुआछूत को मिटाया। नारी उत्थान जैसे कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में हरवीर सिंह सुमन, सत्यपाल मेहंदी रत्ता, सुशील बंसल, राजेश सेठी, चौधरी अमन सिंह, रविंद्र सिंह आर्य, सूरजपाल सिंह, मांगेराम, सुशील त्यागी आदि रहे।