मेरठ। लॉरेंस बिश्नोई से जुड़कर हाशिम बाबा गैंग बड़े सट्टा किंग (बुकी) से वसूली कर रहा है। दुबई में बैठे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुकी से भी यह गैंग करोड़ों की रंगदारी मांग चुका है। एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की संयुक्त कार्रवाई में ढेर हुआ हाशिम बाबा गैंग का शार्प शूटर एक लाख का इनामी अनिल उर्फ सोनू मटका इसी काम में लगा था। किस-किस बुकी से उसके कनेक्शन हैं, इसकी जांच कर रही है।
सोनू मटका पर दिवाली (31 अक्तूबर) की रात दिल्ली के शाहदरा इलाके में कारोबारी आकाश और उनके भतीजे ऋषभ की हत्या का आरोप था। चाचा-भतीजे घर के सामने पटाखे जला रहे थे। तभी इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। वारदात के बाद से ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसे तलाश कर रही थी। शनिवार सुबह एसटीएफ और दिल्ली पुलिस ने जैन शिकंजी के पास सोनू मटका को मुठभेड़ में मार गिराया था। मूलरूप से वह बागपत छपरौली थाना क्षेत्र के शेरपुर लुहारा का रहने वाला था। एसटीएफ मेरठ के एसपी बृजेश सिंह ने बताया कि सोनू मटका की कई बुकी से नजदीकी थी। दिल्ली पुलिस इसकी जांच कर रही है।