हापुड़ के गढ़ थाने की पुलिस द्वारा शुक्रवार रात जबरन मकान खाली कराने के लिए की गई गुंडागर्दी की वीडियो वायरल हो गई। आरोप है कि सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर तक ने घर में घुसकर महिलाओं को सरेआम पीटा। छेड़छाड़ करते हुए कपड़े फाड़ दिए। घर में तोड़फोड़ करते हुए महिलाओं की ज्वैलरी लूट ली। तीन महिलाओं समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया और फिर थाने ले जाकर पीटा। आरोपी इंस्पेक्टर पर कार्रवाई को लेकर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एडीजी मेरठ जोन ऑफिस पर धरना दिया।
राकेश टिकैत के साथ शनिवार दोपहर मेरठ, हापुड़, मुजफ्फरनगर के 60-70 कार्यकर्ता एडीजी मेरठ जोन के ऑफिस पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। इस दौरान फोर्स लेकर पहुंचे एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने राकेश टिकैत को समझाने की कोशिश की तो वे भड़क गए। कहा कि हमें कानून मत पढ़ाओ। क्या पुलिस को गुंडागर्दी का अधिकार है। कानून और संविधान नाम की चीज है या नहीं। पुलिस अफसरों ने कहा कि एडीजी बाहर हैं। लेकिन भाकियू नेताओं ने एक नहीं सुनी और नारेबाजी करते रहे।
परिवार पर दबाव डाल रहे थे इंस्पेक्टर
भाकियू नेताओं ने आरोप लगाते हुए बताया कि गढ़ थाना क्षेत्र के बृजघाट में एक व्यक्ति ने एक माह पहले मकान खरीदा था, जिसके बैनामे की भी कागजात हैं। इंस्पेक्टर गढ़ रविंद्र राठी जबरन इस मकान को खाली कराने के लिए दबाव डाल रहे थे। कई बार इंस्पेक्टर ने मकान मालिक को जेल भेजने की धमकी दी। एक कथित बाबा को मकान में जबरन किराए पर कमरा देने के लिए दबाव बनवाया। पांच साल पहले जो किराएदार इस मकान में रहे, उन्हें कब्जा दिलाने की कोशिश की जा रही है। यह सरासर गुंडागर्दी है।
पहले घर में पीटा, फिर थाने में
भाकियू नेताओं का आरोप है कि शुक्रवार रात एक बजे गढ़ इंस्पेक्टर रविंद्र राठी सादा कपड़ों में चौकी इंचार्ज और यूपी 100 पुलिस के साथ सुशील के घर पहुंचे। जहां पुलिसकर्मियों ने गाड़ियों से उतरते हुए घर में तोड़फोड़ कर दी। परिवार की जो भी महिला, बहन, बेटी मिली उसके साथ बेरहमी से पीटा। बचाव में आए पड़ोसियों को भी नहीं बख्शा। बीस दिन पहले परिवार में महिला की मौत हो गई थी। एक लड़की विदेश से आई हुई थी, उसे भी पीटा गया। उसे फिर थाने में लेकर जाकर पीटा। पुलिस ने 11 पुरूषों और तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर दिया। शनिवार को तीन महिलाओं और नौ लोगों को जमानत पर छुड़ाया। जबकि दो लोगों को जेल भेज दिया।
एसपी साहब वीडियो देख लो
भाकियू नेता संजय दौराला, राजू अहलावत, दिनेश खेड़ा, इलम सिंह, योगेश शर्मा, प्रधान अयूब अली, मुबारिक खान, आरिफ, बबली सिंह, ममता शर्मा, नीलम त्यागी ने एसपी सिटी और सीओ को खूब खरी खोटी सुनाई। भाकियू नेताओं ने कहा कि वीडियो देख लो। इंस्पेक्टर और पूरी पुलिस की गुंडागर्दी पता चल जाएगी। रात में मकान के विवाद में दबिश क्यों दी गई। कैमरे की डीवीआर भी इंस्पेक्टर निकालकर ले गये। तीन बार राकेश टिकैत के फोन के बाद भी पुलिस ने पीटा। इस दौरान एसपी सिटी से कहा कि एसपी हापुड़ और अधिकारी अभी जानते नहीं हैं। इंस्पेक्टर रविंद्र राठी और अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाए। आरोपी पुलिसकर्मियों पर छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए।
बिलखती रहीं महिला
पुलिस की पिटाई से घायल महिला एडीजी ऑफिस पर बिलखती रहीं। पांच घंटे बाद शाम साढ़े छह बजे इन महिलाओं का मेडिकल कॉलेज में मेडिकल कराया गया। राकेश टिकैत का आरोप है कि कई घंटे के बाद एडीजी नहीं मिले।