जानीखुर्द। श्री बालाजी धाम में श्री हनुमान जी को छप्पन भोग अर्पित फोटो संवाद
जानीखुर्द। क्षेत्र के गांव शेखपुरी स्थित बालाजी धाम में बृहस्पतिवार को हनुमान जयंती का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दिव्य हवन यज्ञ के साथ हुआ, जिसमें विद्वान पंडितों द्वारा उच्चारित मंत्रों के बीच श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की कामना के साथ आहुतियां दीं। आश्रम के कृष्णवीर के सानिध्य में हनुमान का भव्य शृंगार किया गया और उन्हें छप्पन भोग अर्पित किए गए। धार्मिक अनुष्ठानों के संपन्न होने के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ उठाया। इस अवसर पर अभय, मनोज कुराली, आकाश चौधरी, अरुण पूनिया, ग्रामीण और भक्त मौजूद रहे।