दौराला क्षेत्र के कैली गांव में जूनियर स्कूल में बनाया गया क्वारंटीन सेंटर, तैनात पुलिस।
- फोटो : LAWARD
दौराला(मेरठ)। थाना क्षेत्र के कैली गांव में एक युवक के पॉजिटिव मिलने के बाद गांव में हड़कंप का माहौल बना हुआ है। शनिवार को पुलिस ने 132 ग्रामीणों को गांव के ही जूनियर हाई स्कूल में क्वारंटीन किया। सभी सैंपल जांच के लिए भेजे गए। पुलिस ने आधे गांव को सील कर दिया है और ग्रामीणों से घर पर रहने की अपील की। सीओ व थाना प्रभारी ने गांव में जाकर व्यवस्था का जायजा लिया।
बताते चलें कि खतौली से एक संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए गांव के 18 ग्रामीणों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए भेजे थे। शुक्रवार को इनमें से कैली गांव के एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। रात में ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैली गांव पहुंचकर पॉजिटिव मिले ग्रामीण को पांचली खुर्द में बनाए गए सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने युवक के संपर्क में आने वाले 132 ग्रामीणों को गांव के ही जूनियर स्कूल में क्वारंटीन किया। सीओ जितेंद्र सरगम व थाना प्रभारी जनक सिंह चौहान ने आधे गांव को सील कराकर यहां पूरी तरह आवागमन बंद कर दिया। सील इलाके को सैनिटाइज किया जा रहा है।
क्वारंटीन लोगों ने रखा रोजा
कैली गांव में 132 ग्रामीणों में से लगभग 50-60 मुस्लिम लोगों ने शनिवार को रमजान का पहला रोजा रखा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सभी ने क्वारंटीन स्थल पर ही नमाज अदा की। प्रशासन ने रोजा रखने वाले ग्रामीणों के लिए सहरी व इफ्तार के लिए भोजन की व्यवस्था की। वहीं दौराला के सर श्रीराम इंटर कॉलेज में 32 क्वारंटीन किए गए लोगों ने पहला रोजा रखा। इन सबके लिए भी प्रशासन की तरफ से खाने की व्यवस्था की गई।
प्रधान पति ने बोला था झूठ, रिपोर्ट की तैयारी
सरधना। कैली गांव के प्रधान पति पर पुलिस ने गांव में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी हैं। जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन का कहना है कि प्रधान पति ने स्वास्थ्य विभाग की गलत सूचना दी थी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि सरधना क्षेत्र में कैली, मढ़ियाई के साथ कुलंजन गांव पर स्वास्थ्य विभाग की कड़ी नजर थी। इस संबंध में मजिस्ट्रेट खंड विकास अधिकारी सुनीत कुमार भाटी व एसडीएम अमित कुमार भारतीय के भी मामले से अवगत कराया गया था। पूर्व में निजामुद्दीन मरकज में कैली के तीन लोग गए थे। इसकी सूचना ग्राम प्रधान पति द्वारा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी गई। वहीं खतौली में एक व्यक्ति की मौत पर ग्राम प्रधान द्वारा वहां जाने की अनुमति के लिए बीडीओ व अन्य अधिकारियों से संपर्क साधा, लेकिन सीएचसी प्रभारी ने अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद ग्राम प्रधान पति उस व्यक्ति के जनाजे में शामिल होने के लिए कई लोगों के साथ चले गए। खतौली में जिस व्यक्ति की मौत हुई थी वह कोरोना पॉजिटिव था। स्वास्थ्य विभाग के पता करने पर प्रधान पति ने तीन लोगों के ही जनाजे में शामिल होने की बात बताई थी। टीम ने तीन लोगों के साथ अन्य 120 लोगों की शुक्रवार को थर्मल स्क्रीनिंग कराई। शुक्रवार को देर शाम रिपोर्ट जो आई, उनमें एक युवक पॉजिटिव मिला। प्रधान पति से दोबारा पूछताछ की तो बताया कि खतौली जाने वालों में तीन नहीं बल्कि 12 लोग थे। जिसमें वह स्वयं भी शामिल थे। शनिवार को सीएचसी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान पति समेत 130 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि इन 130 में ही चार पुलिसकर्मियों ने भी अपने सैंपल जांच के लिए भिजवाये हैं। एसडीएम अमित कुमार भारतीय ने बताया कि ग्राम प्रधान पति की भूमिका संदिग्ध लग रही है। प्रधान पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।