करीब 45 मिनट की बारिश से शास्त्रीनगर में हुआ जलभराव
मेरठ/ मोदीपुरम। बृहस्पतिवार को शहर में मौसम के दो रंग देखने को मिले। एक ओर जहां जेल चुंगी, सीसीएसयू और शास्त्रीनगर समेत आधे शहर में करीब 45 मिनट झमाझम बारिश हुई, वहीं बेगमपुल और दिल्ली रोड समेत आधा हिस्सा सूखा ही रह गया। शास्त्रीनगर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी दो दिन वेस्ट यूपी में बारिश के आसार बन रहे हैं।
अगस्त में भी मौसम में काफी उतार चढ़ाव रहा है। उमस के चलते अभी गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम बृहस्पतिवार को भी बदला हुआ था। सुबह से गर्मी थी, दोपहर में अचानक शहर के कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। मोदीपुरम से लेकर देहात क्षेत्र भी सूखा ही रहा। बारिश बंद होने के बाद फिर से उमस बढ़ गई। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 95 व न्यूनतम आर्द्रता 58 प्रतिशत दर्ज की गई। बारिश 6.4 मिमी रिकॉर्ड की गई। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स औसतन 38 रहा। पिछले काफी समय से एक्यूआई सही चल रहा है। जबकि सामान्य दिनों में मेरठ का एक्यूआई बहुत ही खराब स्थिति रहता है। आईआईएफएसआर के मौसम वैैैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि मौसम में बदलाव के चलते वेस्ट यूपी में अभी बारिश के आसार बन रहे हैं। दो दिन में कहीं पर ज्यादा तो कहीं पर मध्यम बारिश होने के आसार हैं।