कई स्थानों पर पेड टूटे, विद्युत लाइनों में फाल्ट, मकान और ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त, चालक घायल
बिजली ठप होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अचानक ही मौसम बदला। दिन में ही आसमान में अंधेरा छा गया। 10 मिनट आंधी के बाद आधा घंटा बारिश हुई। आंधी के चलते विद्युत लाइनों में फाल्ट आने से हस्तिनापुर मार्ग बिजलीघर से कस्बे की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मोहल्ला हीरालाल, रामबाग, पक्का तालाब, गोवर्धन एन्क्लेव, हरिहर विहार समेत कई स्थानों पर सात घंटे बिजली ठप रही। शाम साढ़े तीन बजे चालू हुई। पेड गिरने से ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गई और चालक घायल हो गया। हालांकि गर्मी से राहत मिली।
आंधी के कारण हस्तिनापुर मार्ग पर बिजलीघर पर आ रही हाईटेंशन टेंशन लाइन पर कई जगह पेड़ टूटकर गिरने से ब्रेक डाउन हो गया। जिससे आधे नगर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली न होने से शहर की जलापूर्ति भी प्रभावित रही। गांव बहोड़ूपुर के पास टेंपू पर यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से बिजली का खंभा व ताजमोहम्मद का मकान भी मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ गिरने से किशोरपुर निवासी टेंपू चालक प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको लोगों ने प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। गनीमत रही कि उस समय टेंपू में चालक के अलावा और कोई नहीं था। खंभे टूटने से गांव बहोड़ूपुर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जो शाम तक चालू नहीं हो सकी।
अभी से ये हाल तो बरसात में क्या होगा
मवाना। कस्बावासी धूपसिंह चौहान, सत्ते चौहान आदि ने बताया कि हल्की सी तेज हवा चलते ही लाइनों में फाल्ट हो जाता है और बिजली घंटों ठप रहती है। बारिश के मौसम में तो बुरा हाल हो जाएगा। हस्तिनापुर मार्ग बिजलीघर से ही तहसील, सीएचसी, नगर पालिका जैसे महत्वपूर्ण कार्यालयों की आपूर्ति जुड़ी है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। यहां की विद्युत लाइन को दुरूस्त करने के लिए कोई स्थायी प्रयास नहीं हो रहे। अधिशासी अभियंता सतीश चंद्र ने बताया कि इस लाइन पर पेड़ बहुत अधिक हैं। इस कारण हवा चलने से लाइन में फाल्ट हो जाते हैं। रविवार को समस्या के समाधान के लिए पेड़ों की छंटाई कराई जाएगी।
मंगलवार सुबह पेड गिरने से घायल टेंपू चालक। (स्त्रोत राहगीर) मवाना।