संत गुरमीत राम रहीम पर साध्वी के यौन शोषण के मामले में पंचकुला की सीबीआई अदालत में 25 अगस्त को फैसला आ सकता है। डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों ने हरियाणा के लिए कूच करना शुरू कर दिया है। यूपी और उत्तराखंड से करीब छह लाख समर्थक सुनवाई के दौरान पंचकुला में मौजूद रहने का दावा किया। बरनावा आश्रम में दिनभर सेवादारों की आवाजाही रही और यहीं से समर्थक रवाना भी हुए।
डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा के सेवादार रकम सिंह ने दावा किया संत की सुरक्षा और शांति के लिए अनुयायी पहुंच रहे हैं। रंछाड़ गांव में प्रदेश कमेटी के 45 सदस्यों की बैठक हुई। जिलेवार स्थिति का जायजा लिया। अकेले बागपत से 50 हजार अनुयायियों के पहुंचने का लक्ष्य दिया। वक्ताओं ने कहा अदालत के फैसले से ज्यादा उन्हें संत की सुरक्षा की चिंता है। कुछ लोग डेरा सच्चा सौदा को बदनाम करने के लिए गलत हरकत कर सकते हैं, ऐसे लोगों को रोकना है। देहरादून में भी सेवादार मदन लाल से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली। बुधवार को यहां से दिनभर अनुयायी पंचकुला के लिए रवाना होते रहे हैं।
रकम सिंह ने बताया अधिकतर श्रद्धालु बुधवार रात में ही रवाना हो जाएंगे, बृहस्पतिवार दोपहर तक सभी को पहुंचना है। रंछाड़ की मीटिंग में कृष्णपाल, जयवीर, महेश, ओमवीर, सतीश, सुखदेव, योगेंद्र, धर्मराज, पवन, जगदीश फौजी मौजूद रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/