मवाना। शादीशुदा प्रेमिका से प्यार में मिले धोखे में दो बच्चों के पिता गुलजार ने अपने आपको कमरे में बंद कर पेट में तमंचे से गोली मारकर जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया था। आपरेशन के बाद गुलजार के शरीर से बुलेट को बाहर निकाल दिया गया। अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
गांव मवाना खुर्द निवासी गुलजार का खतौली क्षेत्र निवासी विवाहित महिला से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुलजार दो बच्चों का पिता है। गुलजार की पत्नी नईमा ने बताया था कि दो दिन से गुलजार लापता था। शनिवार की शाम घर लौटा तो गुमसुम था। रविवार को पति को खाना देने के लिए मकान के ऊपर बने कमरे में गई तो उसने देखा कि गुलजार किसी महिला से वीडियो काॅल कर बात कर रहा था। कह रहा था कि तूने मेरे साथ खेल खेलकर अच्छा नहीं किया।
गुलजार ने नईमा को कमरे से धक्का देकर बाहर कर दिया तथा दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद गोली की आवाज पर परिवार के लोग ऊपर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो गुलजार बेड पर पड़ा तडप रहा था। पेट में गोली लगी थी। जिसे इलाज के लिए मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाॅक्टरों ने आपरेशन के बाद गोली को निकाल दिया। पुलिस के अनुसार गुलजार की हालत अब खतरे से बाहर है। खुद को गोली मारने के मामले में मवाना खुर्द पुलिस चौकी प्रभारी सतेंद्र ने आर्म्स एक्ट के तहत गुलजार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।