रोहटा। थाना क्षेत्र के चिंदौड़ी गांव में एक विवाहिता को दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर ससुरालियों ने मारपीट कर उसे गांव के बाहर फेंक दिया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गांव चिंदौड़ी निवासी रविदत्त शर्मा तहरीर में बताया कि बेटी प्रियंका की शादी अप्रैल 2024 में गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र स्थित ट्रोनिका सिटी निवासी प्रशांत शर्मा पुत्र अजय शर्मा के साथ की थी। विवाह के तीन माह बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। प्रियंका के कहने पर उन्होंने ससुराल पक्ष को 50 हजार रुपये दिए, लेकिन आरोपी अपनी पूरी मांग पर अड़े रहे।
फरवरी माह में आरोपियों ने प्रियंका के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया और मायके ले जाने का बहाना बनाकर गांव के बाहर फेंक दिया। उन्होंने कई बार ससुरालियों से बातचीत कर सुलह का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पांच लाख रुपये की मांग पूरी होने तक प्रियंका को साथ ले जाने के लिए तैयार नहीं हुए। पीड़ित परिवार ने पति प्रशांत, ससुर अजय, सास प्रभा, देवर यश और ननद ईशू के खिलाफ नामजद तहरीर दी।