गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में खेला गया मैच
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में सोमवार को 8 से 13 वर्ष के क्रिकेटरों के वर्ग में एक मैच खेला गया। इसमें ऋषभ क्रिकेट एकेडमी और गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी की टीम में मैच हुआ। इसमें गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी की टीम ने तीन विकेट से मैच जीता।
ऋषभ क्रिकेट एकेडमी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए। टीम की ओर से विराट ने 38, मीत ने 37, चिराग और शिवांश ने 35-35 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में रियांश ने तीन, जपेश ने तीन, श्रीयांश ने तीन विकेट लिए। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 18.2 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए और तीन विकेट से मैच जीता।
टीम की ओर से श्रीयांश ने 50, रियांश ने 44, शिवांश ने 40, जपेश ने 30 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में याहया ने तीन, ऋषभ ने तीन विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच श्रीयांश व रियांश को चुना गया। मुख्य अतिथि नीरज व रोहित ने दोनों खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि मंगलवार को ऑल इंडिया इंटर स्कूल चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में वार्मअप मैच खेला जाएगा।
इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेंगी 9 टीमें
मेरठ। स्कूली क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रथम ऑल इंडिया इंटर स्कूल चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सीनियर वर्ग का आयोजन 14 नवंबर से किया जाएगा। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में होने वाले इस टूर्नामेंट में 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। टूर्नामेंट में 9 टीम प्रतिभाग करेंगी। आयोजन सचिव अतहर अली ने बताया कि टूर्नामेंट में प्रथम वर्ग (10 से 13 वर्ष) और द्वितीय वर्ग (14 से 16 वर्ष) का आयोजन किया जा चुका है। अब सीनियर वर्ग के मुकाबले कराए जाएंगे। टूर्नामेंट में भाग लेने वाली ऋषभ, जीटीबी, कुसुम पब्लिक स्कूल, जेएमएस वर्ल्ड, रुद्रा, जीटीबी दिल्ली रोड, राधा गोविंद आदि समेत नौ टीमों को दो पूल में बांटा गया है। प्रत्येक टीम तीन लीग मैच खेलेगी। एक पूल में चार और दूसरे पूल में पांच टीमें रहेंगी। प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच चुना जाएगा। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ सभी टीमों को प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन 14 नवंबर को सुबह 11 बजे जिला वाइस प्रेसिडेंट राष्ट्रीय लोकदल गाजियाबाद एवं जाट महासभा गाजियाबाद के मनोज राठी करेंगे।