टैक्स चोरी और अवैध तरीके से रेस्टोरेंट संचालन की शिकायत पर मंगलवार को जीएसटी की टीम ने मेरठ में रामचंद्र सहाय स्वीट्स एंड बेकर्स की 141 मीरा इंक्लेव, गढ़ रोड स्थित दुकान पर छापा मारा। टीम ने मौके से रेस्टोरेंट से संबंधित सामान बरामद किया। छापामारी के लिए टीम के निकलने से पहले ही इसकी खबर रेस्टोरेंट संचालक तक पहुंच गई तो संचालक ने दुकान से रेस्टोरेंट के निशान मिटाने की भरपूर कोशिश भी की लेकिन जीएसटी के अधिकारी सबूत जुटाने में कामयाब रहे।
जीएसटी के अधिकारियों को शिकायत मिली थी कि रामचंद्र सहाय स्वीट्स एंड बेकर्स मिठाई की दुकान के साथ-साथ रेस्टोरेंट भी संचालित कर रहा है। शिकायत की पड़ताल करने के लिए जीएसटी के कुछ अधिकारी खुद रैकी करने पहुंचे, खाना खाया और बिल भी अदा किया। शिकायत प्रमाणित होने के बाद जीएसटी के अधिकारियों ने छापामारी की योजना बनाई और मंगलवार दोपहर संयुक्त आयुक्त एसआईबी आरके त्रिपाठी व मनीषा शुक्ला ने पूरे दल बल के साथ छापा मारा। लेकिन इसकी सूचना रेस्टोरेंट संचालकों को पहले लग गई। आनन-फानन में दुकान से रेस्टोरेंट की मेज कुर्सी व सारे सामान हटा दिए गए।