मेरठ। जीआरपी के सिपाहियों ने मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास करती महिला को बचा लिया। वह पति से झगड़ा होने पर आहत थी। जीआरपी ने उसे समझाबुझाकर परिजनों के सौंप दिया।
जीआरपी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को महिला सना (29) पत्नी नईम निवासी 259 मकबरा अब्बू, थाना रेलवे रोड सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आ रही मालगाडी के सामने कूदने का प्रयास करने लगी। ड्यूटी पर मौजूद हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और अमित कुमार ने महिला की मंशा भांपकर उसे प्लेटफार्म से खींच लिया। इसके बाद महिला कांस्टेबल मनीता सिंह को बुलवाकर सना को महिला हेल्प डेस्क में बैठाकर सांत्वना देते हुए उससे पूछताछ की। सना ने बताया कि वह पति से झगड़ा होने पर गुस्से में आत्महत्या के इरादे से स्टेशन पर आई थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि इसके बाद उसके पति व परिजनों को मौके पर बुलाया गया। दोनों को समझाबुझाकर घर भेज दिया गया।