मोदीपुरम। अभी मेरठ की हवा ज्यादा खराब नहीं है, लेकिन सर्दी आने से पहले एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण का खौफ छाने लगा है। प्रदूषण की मोटी चादर होने से 13 दिन पहले ही इस बार ग्रेप सिस्टम को लागू कर दिया गया है। हालांकि एक्यूआई 200 पार पहुंचने पर ही कार्रवाई शुरू की जाएगी।
प्रतिवर्ष वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान ) ग्रेप सिस्टम लागू किया जाता है, परंतु इस वर्ष वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर 13 दिन पहले ही सितंबर में इसे लागू कर दिया गया। पिछले साल एक अक्तूबर को लागू किया गया था और वर्ष 2022 में 15 अक्तूबर को लागू किया गया था। ग्रेप में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अलावा नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, एनएचएआई, नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग, आरटीओ समेत करीब 23 विभाग काम करेंगे। इस बाबत जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कमेटी बना दी है।
ये दी गई जिम्मेदारी
पानी का छिड़काव के लिए टैंकर नियमित रूप से कूडा उठाए। स्वीपिंग रोस्टर सड़कों की धुलाई कराए।
एमडीए, आवास विकास परिषद यूपीसीडी निर्माणधीन कंसट्रक्शन जिसका एरिया 2000 वर्ग मीटर से अधिक है पर पीटीजेड कैमरे की स्थापना करे।
जनपद की समस्त सड़कें गड्ढा मुक्त की जाएं और प्राथमिकता से इसे किया जाए।
जनपद में नगर निगम, नगर निकाय, नगर पंचायत खुले में कूड़ा न डाले।
टवीटर, स्वच्छ वायु ऐप, फेसबुक आदि के माध्यम से वायु प्रदूषण की शिकायतों का निस्तारण करे।
वर्जन
ग्रेप सिस्टम सितंबर में पहली बार लागू किया गया है। एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए कमीशन ने यह निर्णय लिया है। 250 के ऊपर वायु प्रदूषण के पहुंचने पर कार्रवाई की जाएगी। मानकों के अनुसार कार्य किया जाएगा इस संबंध में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिलाधिकारी द्वारा भी एक कमेटी मॉनीटरिंग के लिए बनाई गई है। - भुवन प्रकाश यादव, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी
26 से 29 सितंबर तक बूंदाबांदी के आसार
मोदीपुरम। बारिश के बाद गर्मी फिर लौट आई है और प्रचंड गर्मी से शहरवासियों का बुरा हाल हो गया है। मौसम विशेषज्ञ 26 सितंबर से मौसम में बदलाव के संकेत दे रहे है, जिसके बाद गर्मी से राहत मिलने के आसार है। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि 26 सितंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और 29 सितंबर तक बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आएगी। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर का एक्यूआई 177 दर्ज किया गया। वहीं, जयभीमनगर में 179, गंगानगर में 183, पल्लवपुरम में 175, दिल्ली रोड 190, बेगमपुल 188 दर्ज किया गया।